Site icon बोलते पन्ने

बिहार की निर्भया : NEET की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग दिल्ली से उठी; NDA घटक दलों की असहजता उजागर

पटना/नई दिल्ली |

पटना के गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद जिले की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में न्याय मांग रहे माता-पिता नई दिल्ली के जंतर-मंतर में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए। छात्रा के माता-पिता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के जज की निगरानी में उनकी बेटी की मौत के मामले की जांच की जाए। छात्रा की मां ने मीडिया से यह भी कहा कि उन्हें न तो बिहार सरकार और न ही सीबीआई पर भरोसा है, हालांकि उन्हें केंद्र सरकार से न्याय की उम्मीद है इसलिए वे दिल्ली आए हैं।

बता दें कि इस प्रदर्शन से दो दिन पहले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी कर ली गई थी जो नीट छात्रा हत्याकांड को जोरशोर से उठा रहे थे। इस गिरफ्तारी ने नीट छात्रा मामले को और भी चर्चा में ला दिया। 8 फरवरी को दिल्ली में हुए इस धरने के दिन बिहार में NDA सरकार के घटक दलों ने कुछ ऐसे बयान दिए, जिससे यह भी संकेत जा रहा है कि सहयोगी दल इस मामले में असहज हैं। उदाहरण के लिए, रविवार को बोधगया में केंद्रीय बजट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केंद्रीय मंत्री व हम(सेक्युलर) प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा- “पप्पू यादव नीट छात्रा की मौत का मामला उठा रहे थे, इस वजह से उन्हें डायरेक्ट गिरफ्तार नहीं करके किसी पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया।” बता दें कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार में हम(सेक्युलर) सहयोगी दल है।

Exit mobile version