Site icon बोलते पन्ने

बेगूसराय : दिनदहाड़े बैंक में घुस गए बदमाश, कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूट

एक्सिस बैंक की शाखा में हुई लूट के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी।

(नोट – इस खबर को वीडियो में देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।)

बेगूसराय | धनंजय कुमार झा

बिहार के बेगूसराय में बेख़ौफ़ अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक से लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। हथियार के बल पर अपराधियों ने एक्सिस बैंक की एक शाखा में घुसकर कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूट की।

यह घटना तेघरा थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में स्थित एक्सिस बैंक में 24 मार्च की दोपहर करीब 12 बजे हुई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधी बैंक के कैश काउंटर से करीब चार से पांच लाख रुपये लेकर भागे हैं।

हालांकि, लूट की सटीक राशि का आकलन अभी किया जा रहा है। बैंक प्रबंधन ने भी पुलिस को पूरी जानकारी दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छह अपराधी तीन अपाचे बाइक पर सवार होकर बैंक पहुंचे थे।

सभी अपराधियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।

बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को डराया-धमकाया। इसके बाद कैश काउंटर से कैश लूट ले गए।

घटना को अंजाम देकर सभी अपराधी तेजी से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में पूरी कर ली गई।

इस घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष और तेघरा डीएसपी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

बेगूसराय के एसपी मनीष ने करीब छह अपराधियों ने बैंक से तीन से चार लाख रुपए की लूट की है। उन्होंने बताया है कि सीसीटीवी फुटेज चेक किया जा रहा है।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करके जांच  शुरू कर दी है। संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।

फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

Exit mobile version