बेगूसराय | धनंजय झा
प्रेम और विश्वास को तार-तार करने वाली एक घटना बिहार के बेगूसराय में सामने आई है, जिसमें एक युवक महज शादी के दो महीने बाद अपनी जिंदगी खत्म करने को मजबूर हो गया क्योंकि उसकी पत्नी घर से जेवर लेकर फरार हो गई।
पत्नी के फरार होने के बाद उसका कोई पता न लगने से तनाव व सामाजिक शर्मिंदगी में आकर युवक ने चौबीस घंटे के भीतर पेड़ पर फंदे से लटककर फांसी लगा ली। बेगूसराय में गुरुवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, इस मामले में अभी केस दर्ज नहीं हुआ है। इस मामले में आरोपी महिला का पक्ष नहीं मिल सका है।
दोनों एक ही जगह करते थे काम, वहीं हुआ प्रेम
यह मामला बेगूसराय के भगवानपुर ब्लॉक का है, जहां 21 साल के शैलेश कुमार का शव गुरूवार को पेड़ से लटका मिला। मृतक के भाई के मुताबिक, दो महीने पहले शैलेश एक लड़की से शादी करके उसे घर ले आया। वह लड़की भागलपुर जिले के सुल्तानगंज की रहने वाली है। सुल्तानगंज में ही शैलेश और वह एक ही संस्थान में काम करते थे, जहां दोनों में प्रेम हो गया और दोनों ने शादी कर ली।
बहू की तरह घर में रही, फिर अचानक जेवर संग लापता
भाई रंजीत कुमार का कहना है कि हमारे परिवार ने लड़की को अपनी बहू मानकर घर में रखा, वह भी अच्छी तरह घर में रह रही थी। इस बीच शैलेश कुछ दिनों के लिए गुजरात में नौकरी करने गया, फिर बेगूसराय टाउन में ही वह ठेकेदारी पर मजदूरी करने लगा।
भाई के मुताबिक, बीते मंगलवार को जब शैलेश काम पर गया था, तो उनके भाई की पत्नी घर से लापता हो गई। जब उसे ढूंढा गया तो घर के जेवर भी गायब मिले जो शैलेश ने अपनी कमाई से बनवाए थे और उनकी कीमत करीब आठ लाख रुपये थी।
चौबीस घंटे के अंदर टूट गया शैलेश, पेड़ पर लटका मिला
भाई का कहना है कि मंगलवार और बुधवार की शाम तक जब शैलेश की पत्नी का कोई पता नहीं लगा तो वह बहुत तनाव में था और उसे ढूंढने निकल गया। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो शैलेश का पता लगाने के लिए हम लोग खेत की ओर गए, वहां आम के पेड़ से उसका शव लटका हुआ था।इसकी जानकारी उन्होंने भगवानपुर थाना को दी, मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में पुलिस के पास अभी आवेदन नहीं आया है, पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

