- असम पुलिस में कॉन्सटेबल थे, बेगूसराय के निवासी 57 साल के जंगली मलिक।
बेगूसराय | धनंजय झा
बिहार में असम पुलिस के एक कॉन्सटेबल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप मृतक कॉन्सटेबल की पत्नी व बच्चों पर ही लगा है जो घटना के बाद मौके से फरार हो गए थे।
रिटायर दरोगा की मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने परिजनों को पकड़कर हिरासत में ले लिया और पूछताछ कर रही है। इस पूरे मामले में दरोगा की अवैध रूप से असम में दूसरी शादी कर लेने की बात सामने आई है। कहा जा रहा है कि गांव मेें रह रही उसकी पत्नी और बच्चे इस बात को लेकर काफी नाराज थे जिसके चलते पीट-पीटकर हत्या को अंजाम दिया गया। मृतक के शरीर पर लकड़ी से पीटे जाने के निशान मिले हैं।
यह मामला बेगूसराय के मंसूरचक ब्लॉक के वार्ड नंबर 10 का है। 22 दिसंबर की रात एक बच्चे के चीखने से गांव वालों ने लहूलुहान एक अधेड़ को पुलिस की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान 22 दिसंबर की रात में ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 57 साल के जंगली मलिक के रूप में हुई है जो असम से लंबे समय बाद अपने गांव मंसूरचक गांव लौटे थे और एक अलग मकान बनवा रहे थे।
हालांकि इस मामले में मृतक के भाई और बहन ने कुछ भी साफ कहने से इनकार किया है। कॉन्सटेबल के भाई बिरजू मलिक ने मीडिया को बताया कि वे घर में सो रहे थे, हंगामा होने पर भागे तो अपने भाई को लहूलुहान पाया। उन्हें मौत के कारणों की कोई जानकारी नहीं है।
इस मामले में तेघड़ा SDPO कृष्ण कुमार ने सिर्फ इतना कहा कि अभी इस मामले में जांच की जा रही है।
