भागलपुर | अतीश दीपंकर
भागलपुर में साइबर ठगों ने फर्जी वेबसाइट के जरिए नामी मॉल की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 48 लाख रुपये ठग लिए।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में भागलपुर पुलिस ने एक संदिग्ध को गयाजी जिले से गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि “तकनीकी सर्विलांस की मदद से उन्होंने जिसे गिरफ्तार किया, वह ठगी गिरोह का एक सक्रिय सदस्य है।
बीती 13 अप्रैल को पीड़ित ने साइबर थाने में अपने साथ हुई साइबर ठगी का केस दर्ज कराया था।
एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी और साइबर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन हुआ।
टीम ने ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की तकनीकी जांच शुरू की, जिससे सुराग नालंदा के पावापुरी से जुड़े मिले।
लोकेशन बदलकर भाग रहा था आरोपी
पुलिस का कहना है कि नालंदा में छापामारी करने पर आरोपी ठिकाने बदलकर गयाजी की ओर भाग गया। आखिरकार टीम ने घेराबंदी कर उसे गयाजी जिले के धनौती थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के सिलाव थाना अंतर्गत भगवानपुर निवासी बिरेंद्र चौधरी के रूप में हुई है।
साइबर थाना भागलपुर की इस टीम में शिव कुमार सुमन और प्रशांत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
