सुल्तानगंज (भागलपुर) | अतीश दीपंकर
जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत ने गंभीर रूप ले लिया है। सुल्तानगंज शहर में लगातार दूसरे दिन गैस भरवाने के लिए उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर लंबी लाइनों में दिखे।
तपती धूप में घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद गैस न मिलने पर उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति संभालने के लिए 112 पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
एजेंसी पर ब्लैक मार्केटिंग का आरोप सुल्तानगंज स्थित ‘अनुराधा गैस एजेंसी’ के गोदाम पर सुबह 9 बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि 5-6 घंटे बीतने के बाद भी उन्हें गैस नहीं दी जा रही है।
एक उपभोक्ता ने बताया “हमारे पास DAC नंबर है, फिर भी सिलेंडर नहीं मिल रहा। न ही होम डिलीवरी दी जा रही है। एजेंसी वाले हमारे पासबुक लेकर दूसरे रास्ते से सिलेंडर गायब कर रहे हैं।”
वहीं, अनुराधा गैस एजेंसी के मैनेजर सूरज कुमार ने ब्लैक मार्केटिंग के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, “जिनका DAC नंबर जेनरेट हो चुका है, उन्हें ही गैस दी जा रही है। जिनका नंबर नहीं आया है, उन्हें कार्यालय में अपना खाता अपडेट कराना होगा।”
प्रशासनिक दावों पर सवाल एक तरफ सरकार और प्रशासन दावा कर रहे हैं कि गैस की कोई किल्लत नहीं है, वहीं सुल्तानगंज की तस्वीरें इन दावों की पोल खोल रही हैं।

