Site icon बोलते पन्ने

भागलपुर: सुल्तानगंज चेयरमैन ऑफिस में दिनदहाड़े फायरिंग, सभापति और कार्यपालक पदाधिकारी को मारी गोली

नगर परिषद भवन सुलतानगंज

नगर परिषद भवन सुलतानगंज

सुल्तानगंज, भागलपुर | अतीश दीपंकर

बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

इस घटना में नगर सभापति राज कुमार गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्णा भूषण कुमार को गोली मार दी है।

इस घटना में ईओ कृष्णा भूषण कुमार की हायर सेंटर ले जाते समय मौत होने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। वहीं, नगर सभापति राज कुमार गुड्डू की हालत नाजु़क है।

नगर सभापति के सिर व ईओ से धड़ में गोलियां मारीं

ईओ के शरीर में तीन गोलियां लगने की बात सामने आ रही है, जबकि नगर सभापति के सिर में गोली लगी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

यह सनसनीखेज़ घटना मंगलवार दोपहर की है। गोलीबारी के बाद अज्ञात अपराधी भागने में सफल रहे। मौके पर मौजूद कार्यालय के कर्मियों ने दोनों घायलों को तुरंत सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टर कुंदन भाई पटेल ने बताया कि “दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।”

पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका

प्रारंभिक जानकारी और सूत्रों के अनुसार, इस खूनी वारदात के पीछे नगर परिषद के सभापति और उपसभापति के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

सूचना मिलते ही प्रशिक्षु एसएसपी सायम रजा और इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नगर परिषद कार्यालय को सील कर दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Exit mobile version