Site icon बोलते पन्ने

बिहार : रैड लाइट एरिया में रेड पड़ी तो लोग विरोध करने लगे, 10 बच्चियां निकाली गईं

सासाराम | अमित कुमार

सासाराम के रैडलाइट एरिया में गुप्त सूचना के आधार पर चार थानों की पुलिस पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एक मकान में चल रहे गेस्ट हाउस से पुलिस ने दस बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस इलाके के लोग थाने तक पहुंच गए और हंगामा किया।

इस गेस्ट हाउस से नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित निकाला गया

मुफस्सिल थानाक्षेत्र में हुई बड़ी छापामारी

गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की शाम रोहतास पुलिस ने एक बड़ा छापेमारी अभियान चलाया। सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देश पर अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ छापेमारी की गई। छापेमारी अभियान में सासाराम मुफस्सिल थाना, डेहरी मुफस्सिल थाना, करवंदिया थाना एवं अगरेर थाने की पुलिस के साथ-साथ कई वरीय पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया था।

सात महिलाएं और चार पुरुष गिरफ्तार

सदर डीएसपी टू कुमार वैभव ने बताया कि चार थाना पुलिस की इस संयुक्त छापामारी में सात महिलाएं एवं चार पुरुषों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान कई मकानों में पुलिसकर्मी घुसे और सर्चिंग शुरू की। इस दौरान कई लोगों ने भागने की कोशिश की।

कई राज्यों के लोग मिलकर चला रहे गिरोह

डीएसपी टू कुमार वैभव ने बताया कि रेस्क्यू कराईं गईं बच्चियों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश करके उनका मेडिकल चेकअप कराया जाएगा। फिलहाल बच्चियों से पूछताछ चल रही है ताकि गिरोह में शामिल अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस गिरोह में स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य प्रदेशों के लोग शामिल हैं। पकड़े गए लोगों से सख्ती से पूछताछ हो रही है।

डांस पार्टी की आड़ में देह व्यापार

बता दें कि सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र का विश्रामपुर टोला गांव रेड लाइट एरिया के रूप में विख्यात है। यहां से कई आर्केस्ट्रा ग्रुप, नाच पार्टी आदि संचालित होते हैं, लेकिन इन सब की आड़ में यहां वर्षों से अनैतिक देह व्यापार का धंधा भी खूब फलता फूलता रहा है। इस कार्रवाई के बाद धंधे में शामिल अन्य गिरोह में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Exit mobile version