Site icon बोलते पन्ने

Bihar : गोपालगंज में पुलिस वाहन से बाइक की टक्कर, तीन युवक गंभीर रूप से घायल – भीड़ ने सरकारी गाड़ी जलाई, हवाई फायरिंग

गोपालगंज में दुर्घटना के बाद फैली अफवाह के चलते मौके पर लोगों ने आगजनी की।

गोपालगंज में दुर्घटना के बाद फैली अफवाह के चलते मौके पर लोगों ने आगजनी की।

गोपालगंज | आलोक कुमार

बिहार के गोपालगंज जिले में रविवार को एक पुलिस वाहन और बाइक की टक्कर के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान यह अफवाह फैल गई कि तीनों की मौत हो गई है।

अफवाह फैलते ही स्थानीय लोग गुस्से में आ गए और सड़क पर हंगामा करने लगे और इस हंगामे के दौरान भीड़ ने पुलिस की सरकारी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

कैसे हुआ हादसा

यह घटना नगर थाना क्षेत्र के यादवपुर चौक पर हुई। गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि “हादसा तब हुआ जब सदर सर्किल इंस्पेक्टर की गाड़ी पुलिस लाइन की ओर जा रही थी। इसी दौरान गलत दिशा से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सामने आ गई। स्कॉर्पियो को बचाने के प्रयास में पुलिस वाहन ने संतुलन खो दिया और उसी दिशा में जा रही अपाचे बाइक से टकरा गया। बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।”

 

घायलों की पहचान और स्थिति

हादसे में घायल युवकों की पहचान

1. नंदू कुमार चौहान, निवासी लखपतिया मोड़

2. आयशन अली, निवासी एकडे़रवा गांव

3. राज हुसैन, निवासी एकडे़रवा गांव के रूप में हुई है।

तीनों को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। एसपी ने बताया कि नंदू कुमार और आयशन अली की हालत नाजुक है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है।

अफवाह से बिगड़े हालात

अस्पताल में घायलों के भर्ती होते ही यह अफवाह फैल गई कि तीनों की मौत हो गई है, जिसके बाद स्थानीय लोग गुस्से में सड़क पर उतर आए। भीड़ ने पहले नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया, फिर गुस्से में पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अवधेश दीक्षित, एसडीपीओ और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

एसपी बोले – “स्कॉर्पियो को बचाने में हुआ हादसा”

गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि दुर्घटना पुलिस की लापरवाही से नहीं, बल्कि सामने से आ रही गलत दिशा की स्कॉर्पियो को बचाने के दौरान हुई। उन्होंने कहा कि “पुलिस वाहन सामान्य गति में था और हम यह जांच कर रहे हैं कि असल में गलती किसकी थी।”

एसपी ने यह भी बताया कि जो सरकारी वाहन चला रहा था, उसके खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

जांच के लिए FSL टीम बुलाई गई

पुलिस ने बताया कि मौके से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इसके अलावा, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल की तकनीकी जांच कर रही है।

फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है। एसपी ने कहा कि जो लोग गलत सूचना फैलाकर माहौल बिगाड़ रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि “घायलों का इलाज जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”

ःःःःःःःःःःःःः

Edited by Mahak Arora

Exit mobile version