Site icon बोलते पन्ने

बिहार: इंटर का पेपर देकर लौटे लड़का-लड़की एकसाथ मिले तो समाज के ठेकेदारों ने लड़की को मार डाला; लड़के के साथ भी बर्बरता

लड़की को पीट-पीटकर मार डाला और लड़के के बाल काटकर चप्पल पहनाकर, मुंह पर कालिख पोतकर घुमाया।

लड़की को पीट-पीटकर मार डाला और लड़के के बाल काटकर चप्पल पहनाकर, मुंह पर कालिख पोतकर घुमाया।

(Note – इस खबर को वीडियो में देखने के लिए इस लिंक पर जाएं।)

बेतिया | मनोज कुमार

हाल में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा कि दो नाबालिग अगर अपनी सहमति से संबंध बनाते हैं तो उन्हें कानून को सुरक्षा देनी चाहिए, यह उनकी व्यक्तिगत पसंद व स्वतंत्रता का मामला है। भले सुप्रीम कोर्ट कितने भी प्रगतिशील कदम उठा ले मगर जमीन पर हालात नहीं बदल रहे हैं। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में दो नाबालिग लड़के-लड़की को समाज के तथाकथित ठेकेदारों ने पकड़कर बेइज्जत किया और दोनों की इतनी पिटाई लगाई कि लड़की की मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने लड़की के शव को फंदे पर लटका दिया।

दूसरी ओर, नाबालिग लड़के के बाल काटकर जूते-चप्पल की माला पहनाकर उसे पीटा और गांव भर में घुमाया गया। इस पूरी हैवानियत को अंजाम देने वाले लोग इसका वीडियो भी बनाते रहे जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लड़की की मौत होने के बाद जाकर पुलिस को घटना का पता लग पाया। पीड़ित किशोर की हालत अभी स्थिर बतायी जा रही है। इस पूरे मामले में किशोरी के माता-पिता की शिकायत पर उसके चाचा समेत दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि समाज की हैवानियत के चलते मारी गई किशोरी व उसका दोस्त दोनों इंटर के विद्यार्थी थे और घटना के दिन पेपर देकर लौटे थे। मृतक लड़की मुस्लिम समाज से है और लड़का हिन्दू है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। कहा जा रहा है कि गांव में एक शादी के दौरान हो रहे शोर-शराबे के दौरान दोनों मिले, जिसके बाद गांव के लोगों ने लड़के को पकड़ लिया, फिर लड़की को उसके घर से जबरन बुलाकर ले गए और सार्वजनिक रूप से मारा-पीटा और बेइज्जत किया।

इस बेहद गंभीर घटना पर बेतिया पुलिस का रवैया भी सवालों के घेरे में है, इस घटना को लेकर मीडिया के पूछने पर बेतिया पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन  ने कहा कि किशोरी के साथ लोगों ने मारपीट की, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। जबकि लड़की की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में खुद पुलिस ने लिखा है कि ऐसा प्रतीत होता है कि मारने के बाद लड़की को फंदे पर लटका दिया गया।

यह पूरा मामला नवगछिया ब्लॉक के शिकारपुर थाना क्षेत्र का है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, 6 जनवरी की शाम को गांव के कुछ लोगों ने लड़की व लड़के को एकसाथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इसके बाद लड़की के चाचा व गांव के और लोगोें ने मिलकर लड़की व लड़के को खूब पीटा, लड़की की मां का कहना है कि उनकी बेटी को एक कमरे में बंद करके मर जाने तक पीटा गया। फिर फंदे पर उसकी लाश लटका दी गई। लड़की की मां का कहना है कि उनके देवर ने ही इस पूरे मामले में मुख्य भूमिका निभाई। लड़की के पिता का भी कहना है कि उनकी बेटी का कत्ल हुआ और उन्हें इंसाफ चाहिए।

किशोरी के शव का पोस्टमार्टम बेतिया जीएमसीएच में किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चाचा को हिरासत में लिया गया है। किशोरी के पिता ने आवेदन देकर आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग रात में एक लड़के को लेकर उनके घर आए और सोई हुई बेटी को जबरन ले गए और पिटाई कर उसकी हत्या कर दी।

Exit mobile version