- चिराग पासवान ने अमित शाह का समर्थन किया, बोले- जीते विधायक अपना नेता चुन लेंगे।
पटना/सासाराम |
NDA जीता तो मुख्यमंत्री कौन होगा… चुनाव से ठीक पहले इस सवाल को खुद अमित शाह ने हवा दी। अब इस मामले पर JDU के बाहुवली नेता आनंद मोहन की ओर से बयान आया है कि सीएम के पद पर कोई वैकेंसी नहीं है।
सासाराम में नामांकन भरने के दौरान सीएम चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर आनंद मोहन ने कहा कि-
“इस पर कोई वैकेंसी है क्या? नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में ही NDA चुनाव लड़ रही है, वे ही आगे भी CM होंगे।”
यानी जदयू ने साफ संदेश है कि NDA की जीत हुई तो सीएम पद के लिए वे बीजेपी या बाकी सहयोगी दलों के साथ कोई मोलभाव नहीं करेंगे।
दूसरी ओर, लोजपा(रामविलास) पार्टी चीफ चिराग पासवान ने 17 अक्तूबर को अमित शाह की उस बात का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि “चुनाव में जीते हुए विधायक खुद अपना नेता चुन लेंगे।”
पटना में मीडिया के सामने चिराग पासवान बोले-
“केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सामान्य प्रक्रिया के बारे में बात की थी, और ये वही प्रक्रिया है जो मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए अपनाई जाती है।”
अमित शाह ने CM के सवाल पर क्या बोला था
दरअसल अमित शाह ने ‘आज तक’ के एक कार्यक्रम में सीएम को लेकर पूछे गए एक सवाल पर कहा,
“मैं किसी को मुख्यमंत्री बनाने वाला कौन होता हूं? इतनी सारी पार्टियों का गठबंधन है, चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक होगी और वही अपना नेता तय करेगा। फिलहाल हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहे हैं और वही हमारे चुनाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।”
हमारे पास ज्यादा विधायक, फिर भी ..
कार्यक्रम के दौरान जब अमित शाह से पूछा गया कि अगर चुनाव में बीजेपी के विधायक अधिक आए तो क्या तब भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे, इस पर उन्होंने कहा, “हमारे पास अभी भी ज्यादा विधायक हैं, फिर भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री हैं।”
