नई दिल्ली | बिहार में भोजपुर–बक्सर MLC सीट (स्थानीय निकाय विधान परिषद सीट) पर 16 मई को उपचुनाव होना है। इसको लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है।
जेडीयू ने पूर्व MLC व वर्तमान विधायक राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर उनका मुकाबला आरजेडी के सोनू कुमार राय से होगा जो पूर्व विधायक विजेंद्र यादव के बेटे हैं। इस तरह इस सीट पर मुकाबला दो राजनीतिक परिवारों के बेटों के बीच होने जा रहा है।
पूर्व MLC राधाचरण के बेटे हैं कन्हैया
गौरतलब है कि इस सीट से राधाचरण साह MLC थे, उन्हें राजद की ओर विधान परिषद सीट पर निर्वाचित कराया गया था। लेकिन पिछले साल विधानसभा चुनाव के दौरान वे जदयू में चले गए और उसके टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बन गए। जिसके चलते यह सीट खाली हो गई थी।
मनी लॉन्ड्रिंग में जा चुके हैं जेल
जदयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद राजनीति में आने से पहले अपने पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े रहे हैं। वह ब्रॉडसन कमोडिटीज प्रा. लि. जैसी कंपनियों में निदेशक के रूप में कार्य कर चुके हैं, जो खनन और व्यापार के क्षेत्र में सक्रिय है।
उनका राजनीतिक सफर विवादों से भी जुड़ा रहा है। अवैध बालू खनन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने उन्हें सितंबर 2023 में गिरफ्तार किया था। लगभग 9 महीने जेल में रहने के बाद मई 2024 में उन्हें जमानत मिली थी।
14 मई को रिजल्ट
बता दें उपचुनाव के लिए नामांकन 23 अप्रैल तक भरे जाएंगे और 27 अप्रैल तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। मतदान 12 मई को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 14 मई को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

