नई दिल्ली | बिहार में रसोई गैस सिलेंडर (LPG) की आपूर्ति व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब पूरे प्रदेश में केवल होम डिलीवरी से ही सिलेंडर मिलेगा। उपभोक्ता अपनी गैस एजेंसी के गोदाम पर जाकर सिलेंडर नहीं ले पाएंगे। इस सुविधा को बंद कर दिया गया है।
पूरे बिहार में LPG सिलेंडर की बुकिंग व डिलीवरी की प्रक्रिया में IOCL, BPC, HPCL ने ये बदलाव किए हैं।
अब उपभोक्ताओं को DAC (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) भी तभी भेजा जाएगा, जब संबंधित गैस एजेंसी के पास सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध होगा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में डीएसी नंबर प्राप्त हो जाने के बाद भी सिलेंडर न मिलने वाले उपभोक्ताओं का गैस एजेंसी के बाहर हंगामा व लंबी लाइनें देखी जा रही थीं।
माना जा रहा है कि नया बदलाव इन स्थितियों से बचने के लिए किया गया है। साथ ही इस नियम से उपभोक्ता भी परेशान नहीं होंगे क्योंकि उनके पास सिलेंडर डिलीवरी का पासकोड तभी आएगा जब एजेंसी इसे डिलीवर करने में होगी।
कंपनियों का मानना है कि इस नई व्यवस्था से एजेंसियों पर भीड़ कम होगी और सुरक्षा मानकों का पालन बेहतर ढंग से हो सकेगा। अधिकारियों ने यह भी कहा कि डिलीवरी के समय ओटीपी (OTP) का मिलान अनिवार्य होगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

