- पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब पीने से 7 पुरुषों की मौत।
- 14 ग्रामीणों की हालत खराब, 6 की आंखों की रोशनी गई।
- प्रशासन ने SIT गठित की, पिछले साल भी हुई थीं मौतें।
(नोट – इस खबर को वीडियो में देखने के लिए इस लिंक पर जाएं।)
मोतीहारी | मनीष सिंह
ठीक तीन साल पहले बिहार के जिन दो गांवों में जहरीली शराब पीने से 20 से ज्यादा मौतें हुई थीं, अब दोबारा वहां मातम छा गया है।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के दो गांवों में शराब पीने से 7 पुरुषों की मौत हो गई है, जबकि 14 की हालत नाज़ुक है। इनमें से छह युवकों की आंखों की रोशनी भी चली गई है।
ये सभी मौतें रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव और तुरकौलिया थाना के परसोना गांव में हुई हैं। दोनों ही बॉर्डर के गांव हैं, जहां एक अप्रैल की शाम को करीब 17 लोगों ने अवैध शराब खरीदकर पी थी।
जहरीली शराब से हुई मौतों के चलते दोनों गांव में लोग व्यथित हैं और सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर नकली शराब की बिक्री पर कब रोक लगेगी? तीन साल पहले हुई मौतों से लोग उबर नहीं पाए हैं और फिर से नकली शराब के चलते परिवार उजड़ने लगे हैं।
थानाध्यक्ष सस्पेंड, मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया
ताज़ा घटना के बाद 3 अप्रैल को जिला प्रशासन ने तिरकौलिया थानाध्यक्ष उमाकांत मांझी को सस्पेंड कर दिया है। SDPO के मुताबिक, नकली शराब बनाने के मुख्य आरोपी नागा राय समेत सात की गिरफ्तारियां की गई हैं।
साथ ही नकली शराब की बिक्री के नेटवर्क का पता लगाने के लिए SIT गठित की है।
तेजस्वी ने उठाए सवाल, चिराग बोले- ‘मंथन होना चाहिए’
इस मामले पर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी लागू कराने में राज्य सरकार पूरी तरह विफल रही है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि ”शराबबंदी के पीछे की सोच बेशक सही हो सकती है, लेकिन इसकी आड़ में जिन लोगों ने अवैध व्यवसाय शुरू कर रखा है, उन पर शिकंजा कैसे कसा जाए, इस पर मंथन होना बहुत जरूरी है।”
तीन दिनों में सात मौतें हुईं, कई गंभीर
पूर्वी चंपारण जिले में जहरीली शराब से सबसे पहली दो मौतें बीते दो अप्रैल को हुईं।
फिर अगले दिन तीन लोग और चार फरवरी की सुबह दो अन्य लोगों की मौतें हुई हैं। सभी के परिजनों का कहना है कि शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। लोगों को आशंका है कि ये आंकड़ा बढ़ सकता है।
मृतकों में चंदू कुमार, प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी, हीरालाल भगत, लालकिशोर राय, संपत साह और लड्डू साह हैं।
जहरीली शराब से बीमार लोगों में लोहा ठाकुर, राहुल कुमार, रविंद्र यादव, दिनेश यादव, उमेश राम समेत 14 लोग शामिल हैं। इनमें तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मृतक प्रमोद यादव के परिजनों ने तुरकौलिया थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
SP स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अलग-अलग टीमें बनाकर शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है।

