Site icon बोलते पन्ने

बिहार : पटना पुलिस जिस छात्रा की मौत को सुसाइड बता रही थी, उसके साथ हुआ था बलात्कार

रेप के बाद मार दी गई छात्रा की मां को जहानाबाद में सांत्वना देते प्रशांत किशोर।

रेप के बाद मार दी गई छात्रा की मां को जहानाबाद में सांत्वना देते प्रशांत किशोर।

पटना |

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ जाने के बाद बिहार पुलिस को आखिर मानना पड़ा है कि पटना में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसके साथ बलात्कार हुआ। जहानाबाद की एक लड़की पटना के हॉस्टल में रहकर नीट पेपर की तैयारी कर रही थी, वहीं उसे कथित तौर पर बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में परिजन लगातार कह रहे थे कि उनकी बेटी के साथ रेप हुआ है पर पटना पुलिस ने कहा कि रेप से जुड़ा कोई साक्ष्य नहीं मिला है। साथ ही उन्होंने छात्रा के फोन की सर्च हिस्ट्री के आधार पर दावा किया था कि वह नींद की दवा खाती थी, शायद उसने सुसाइड किया है।

बलात्कारियों से दो घंटे तक लड़ती रही छात्रा

रेप के दौरान नीट की छात्रा से काफी जोर जबरदस्ती की गई थी। इस बात का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ है। दैनिक भास्कर के मुताबिक, जिसमें छात्रा के शरीर पर पाए गए कई निशानों के आधार पर कहा गया है कि करीब डेढ़ से दो घंटे तक छात्रा दरिंदगी करने वाले से लड़ी। रिपोर्ट में छाती और कंधे के नीचे वाले हिस्से पर कई खरोंच के निशान हैं। इसके अलावा, प्राइवेट पार्ट में काफी चोट है, इससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि रेप करने वाले एक से ज्यादा हो सकते हैं। यह पोस्टमार्टम पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में गठित मेडिकल बोर्ड ने किया था जिसकी रिपोर्ट 16 जनवरी को सार्वजनिक हुई है।

DGP ने जांच के लिए SIT बनाई

इस मामले में बिहार पुलिस के ऊपर सवाल उठने के बाद  DGP विनय कुमार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने एक उच्च स्तरीय SIT के गठन की घोषणा की है। जोनल IG पटना जितेंद्र राणा को जांच का निर्देश दिया है। SIT में सदर ASP अभिनव, सचिवालय SDPO 1 डॉक्टर अनु, सचिवालय SDPO 2 साकेत कुमार, जक्कनपुर थानेदार ऋतुराज सिंह और कदमकुंआ थानेदार जनमेजय राय और एक महिला पदाधिकारी समेत 7 लोग शामिल हैं। वहीं, SHO पत्रकारनगर रौशनी कुमारी को जांच से दूर रखा गया है।

PK और पप्पू यादव ने पूछा – पुलिस ने जल्दबाजी में रेप को सुसाइड क्यों बताया

इस घटना की संवेदनशीलता बढ़ते ही कांग्रेस समर्थित सांसद पप्पू यादव और जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर 16 जनवरी को जहानाबाद पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिले। इस दौरान दोनों नेताओं ने ही स्थानीय मीडिया के जरिए पटना पुलिस से पूछा कि आखिर उन्होंने किस आधार पर रेप के मामले को सुसाइड केस बता दिया था।

पप्पू यादव ने भी जहानाबाद जाकर परिवार से मुलाकात की।

PK ने कहा कि मृतका की मां बहुत साहसी हैं और उन्होंने कहा है कि उन्हें कई तरह से पुलिस वाले डरा रहे हैं पर वे बेटी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ेंगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि ऐसा करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ ऐक्शन होना चाहिए।

Exit mobile version