पटना | हमारे संवाददाता
सुबह से हो रही काउंटिंग में जदयू सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभर रही थी, अब भाजपा उससे आगे निकल गई है। चुनाव आयोग के सुबह 11:40 बजे के डेटा के मुताबिक, 84 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है, दूसरे नंबर पर 75 सीटों के साथ जदयू है। सभी सहयोगी दलों को मिलाकर NDA कुल 188 सीटों से आगे है। दूसरी ओर, महागठबंधन 51 सीटों पर ही आगे है।
सुबह 10:30 बजे तक के डेटा के मुताबिक, NDA 173 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि महागठबंधन 55 सीटों पर ही आगे है। सीटों के हिसाब से जदयू 77 सीटों पर आगे होकर सबसे बड़ी पार्टी दिख रही है, दूसरे नंबर पर 73 सीटों के साथ भाजपा और तीसरे नंबर पर 56 सीटों के साथ राजद है।
बिहार में शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। सुबह 9:15 बजे तक आए रुझान के मुताबिक, 19 सीटों के रुझान में बीजेपी 8 सीटों, JDU 4 सीटों, राजद 4 सीटों और कांग्रेस 2 सीट पर आगे चल रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव में 1951 के बाद बिहार में इस बार सबसे ज़्यादा वोट पड़े। इस बार बिहार में 67.13% मतदान हुआ जो कि पिछले विधानसभा चुनाव से 9.6% ज़्यादा है। पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान 8.15 प्रतिशत ज़्यादा रहा है। इस बार के मतदान में पुरुषों की हिस्सेदारी 62.98% रही और महिलाओं की 71.78 प्रतिशत। बिहार में 3.51 करोड़ महिला वोटर हैं और 3.93 करोड़ पुरुष वोटर और कुल मतदाताओं की तादाद 7.45 करोड़ है।


