Site icon बोलते पन्ने

Bihar : कैसी शराबबंदी! नशे में स्टेडियम पहुंच गए प्रखंड प्रमुख, मारपीट की.. पुलिस हिरासत में रात गुजारी

जलालगढ़ प्रखंड प्रमुख (बाये), नशे में स्टेडियम में मारपीट करने का वीडियो वायरल हो रहा है।

जलालगढ़ प्रखंड प्रमुख (बाये), नशे में स्टेडियम में मारपीट करने का वीडियो वायरल हो रहा है।

पूर्णिया | पंकज कुमार नायक

बिहार में आम लोगों को शराबबंदी के नाम पर प्रताड़ित करने के तमाम मामले हर रोज सामने आते हैं, पर राज्य में जारी शराबबंदी के बाद भी नेता व रसूखदारों को बड़ी आसानी से शराब मिल रही है और उनके ऊपर पुलिस कोई बड़ी कार्रवाई भी नहीं कर पाती है। पूर्णिया जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसमें शराब के नशे में स्टेडियम पहुंच गए प्रखंड प्रमुख ने वहां दौड़ रहे एक युवक से मारपीट की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उत्पाद पुलिस ने जब जांच की तो उनके शरीर में 87% अल्कोहल पाया गया।

नशे में स्टेडियम पहुंचे, दौड़ रहे युवक को पीटा

यह पूरा मामला पूर्णिया जिले के जलालगढ़ प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर उर्फ भिखारी यादव से जुड़ा है। डगरूआ थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने नशे में मारपीट करने के मामले में प्रखंड प्रमुख की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें प्रखंड प्रमुख कुछ युवकों के साथ हाथापाई करते हुए नजर आ रहे हैं। इस पूरे मामले की शिकायत मुखिया के प्रतिनिधि राजकुमार दास की ओर से पुलिस को की गई थी।

प्रखंड प्रमुख की शिकायत करने वाले की भी जांच

माना जा रहा है कि शिकायतकर्ता और आरोपी दोनों राजनीति से जुड़े होने के चलते उत्पाद पुलिस ने दोनों की अल्कोहल जांच करायी। उत्पाद पुलिस के मुताबिक, जांच में शिकायतकर्ता की शरीर मेें अल्कोहल नहीं मिली जबकि प्रखंड प्रमुख शराब पिये पाए गए।

हवालात में गुजरी रात, आज फेसबुक लाइव करेंगे प्रखंड प्रमुख

चूंकि प्रखंड प्रमुख के शरीर से शराब की मात्रा मिली है इसलिए उन्हें दो हजार रुपये का जुर्माना भरना होगा। 9 फरवरी तक जुर्माना राशि भरने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी इसलिए प्रखंड प्रमुख को पुलिस हिरासत में ही रात गुजारनी पड़ी।

प्रखंड प्रमुख ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर अपना पक्ष रखने की घोषणा की है।

इस पूरे मामले में हो रही जगहंसाई के बाद प्रखंड प्रमुख ने फेसबुक पर पोस्ट किया है कि उनके खिलाफ भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं, वे इस मामले में आज शाम को लाइव आकर अपना पक्ष रखेंगे।

पहले भी नशे में झगड़ा किया

मुखिया प्रतिनिधि का यह भी आरोप है कि प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर ने पहले भी शराब पीने के बाद कुछ ग्रामीणों से झगड़ा किया था जिसका वीडियो वायरल हुआ था। हालांकि इस मामले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती है।

अब देखना होगा कि यह मामला पूर्णिया जिले की राजनीति मेें क्या मोड़ लाता है, पर इस घटना ने यह तो एक बार फिर से साबित कर दिया है कि बिहार में शराबबंदी पूरी तरह विफल है।

(इस मामले पर निखिल किशोर का जवाब आने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा)

Exit mobile version