- BJP ने अपनी 101 सीटों में से 71 के लिए उम्मीदवार की सूची जारी की।
- डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को तारापुर विधानसभा से टिकट दिया गया है।
- 71 सीटों में से मात्र 9 पर महिलाओं को मौका, किसी अल्पसंख्यक को टिकट नहीं।
पटना | हमारे संवाददाता
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी 101 में से 71 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। 14 अक्तूबर को जारी इस लिस्ट में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को तारापुर विधानसभा से टिकट दिया गया है। ध्यान रहे कि सम्राट चौधरी पिछली बार MLC थे।
हाल में प्रशांत किशोर ने उनके ऊपर बड़े आरोप लगाए थे और चुनौती दी थी कि सम्राट चौधरी का जनाधार नहीं है, वे नामित होकर आ सकते हैं, जीतकर नहीं। ऐसे में उन्हें चुनाव लड़ना अहम हो जाता है।
वहीं, दूसरे डिप्टी CM विजय सिन्हा को लखीसराय से दोबारा टिकट मिला है। BJP ने 71 में से मात्र 9 सीटों पर महिलाओं को मौका दिया। साथ ही, जैसा अंदाजा था BJP ने किसी अल्पसंख्यक समुदाय के उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है।
इस लिस्ट में मंगल पांडे, नीतीश मिश्रा समेत 13 मंत्रियों को टिकट मिले हैं। 46 विधायकों को दोबारा टिकट दिए गए, जबकि दस के टिकट काट दिए गए। टिकट कटने वालों में दो बड़े नामों की चर्चा है।
पटना शरीफ से लगातार 7 बार से जीत रहे विधायक नंद किशोर यादव का टिकट कटा जो कि वर्तमान बिहार विधानसभा में स्पीकर भी थे।
हाल में नंद किशोर के खिलाफ उनकी विधानसभा में आम जनता ने करीब 15 सड़कों पर पोस्टर लगाकर उनके खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी।
इसी तरह, पटना की कुम्हरार सीट से पांच बार के विधायक विधायक अरुण कुमार सिन्हा का टिकट काटा गया है।

