Site icon बोलते पन्ने

सम्राट चौधरी पर BJP अब तक चुप, चिराग बोले- सबूत दो…यह जांच का विषय

पटना में प्रतिक्रिया देते चिराग पासवान (तस्वीर- स्थानीय संवाददाता)

पटना में प्रतिक्रिया देते चिराग पासवान (तस्वीर- स्थानीय संवाददाता)

पटना |

प्रशांत किशोर की ओर से बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर एक दिन गुजर जाने के बाद भी बीजेपी पार्टी का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि सम्राट चौधरी ने कल ही अपने खिलाफ लगे आरोपों को खारिज कर दिया था।

स्थानीय संवाददाता को सूत्रों के हवाले से पता लगा है कि इस चुप्पी के पीछे अमित शाह के बीते सप्ताह दिए गए निर्देश हैं।

दरअसल दो दिन के बिहार दौरे के दौरान उन्होंने मंत्रियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के संदर्भ में कहा था कि कोई भी बड़ा मंत्री और नेता प्रेस कांफ्रेंस करके “सफाई” नहीं देगा, ऐसा पार्टी से जुड़े उच्चासीन सूत्र बताते हैं।

उधर, एनडीए के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने प्रशांत किशोर के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है।

चिराग बोले- प्रशांत अपने आरोपों के सबूत भी दें

पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार को मीडिया के सवालों के जवाब में कहा, “प्रशांत किशोर अगर आरोप लगा रहे हैं तो उसके सबूत भी पेश करें।”

बता दें कि सोमवार को प्रशांत किशोर ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर हत्याकांड व शिल्पी-ललित हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त बताया था और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी।

 “प्रशांत किशोर जी किस आधार पर लगातार आरोप पर आरोप लगाए जा रहे हैं, ये किस आधार पर तथ्यों के आधार पर जानकारी साझा कर रहे हैं या सिर्फ आरोप लगा रहे हैं, ये तमाम बातें जांच का विषय हैं। ऐसी राजनीति एक बार हम लोगों ने दिल्ली में देखी थी। मैं मानता हूं कि जिन पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वे जवाब देने में सक्षम हैं। ये आरोप लगाएंगे, वे जवाब देंगे..दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।” – चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष

 

शाह ने नेताओं को सफाई न देने को कहा था – सूत्र

अमित शाह अपने दो दिवसीय बिहार दौरे पर बीते सप्ताह जब पटना आए तो पहले दिन उन्होंने भाजपा कार्यालय में मीटिंग ली थी।

पार्टी से जुड़े सूत्रों का दावा है कि बीजेपी के बड़े मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के जो आरोप प्रशांत किशोर ने लगाए थे, उनको लेकर शाह ने नाराजगी जताई थी।

साथ ही उन्होंने निर्देश दिए थे कि इस मामले पर कोई भी बड़े मंत्री और नेता प्रेस कांफ्रेंस करके सफाई नहीं देगा।

__________________

Timeline : BJP पर लगातार बड़े आरोप लगा रहे PK

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी (क्रेडिट- @samrat4bjp)

  • 8 अगस्त, 2025 : स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और BJP अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर ‘वित्तीय अनियमितता’ का आरोप। पांडेय पर स्वास्थ्य विभाग में फंड हेराफेरी, जायसवाल पर माइनॉरिटी मेडिकल कॉलेज हड़पने का दावा। PK ने कहा, “BJP नेता लालू से भी भ्रष्ट हैं।”

 

  • 22 सितंबर, 2025 : संजय जायसवाल (पश्चिम चंपारण MP) पर डीजल ओवरचार्ज से करोड़ों हेराफेरी का आरोप। बेतिया फ्लायओवर प्रोजेक्ट में बाधा डालने का दावा।
  • 24 सितंबर, 2025: दिलीप जायसवाल पर 25-30 साल अवैध रूप से मेडिकल कॉलेज नियंत्रण का आरोप। पांडेय को फ्लैट खरीदने के लिए 25 लाख देने का दावा।
  • 29 सितंबर, 2025 : सम्राट चौधरी पर तारापुर हत्याकांड (1995) और शिल्पी-गौतम हत्याकांड (2003) में आरोपी होने का आरोप। अशोक चौधरी पर 100 करोड़ प्रॉपर्टी।

 

Exit mobile version