Site icon बोलते पन्ने

प्रचार के रंग : राहुल ने तालाब में उतरकर मछली पकड़ी, मोदी ने मेगा रोड शो किया

पटना/बेगूसराय |

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का प्रचार 4 नवंबर को थमने से पहले रविवार (2 नवंबर) को दो प्रचार कार्यक्रमों की देशभर में चर्चा हुई। एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बेगूसराय के तालाब में उतरकर मछली पकड़कर ग्रामीणों से सीधा जुड़ाव दिखाया। वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना में 2.8 किमी लंबा भव्य रोड शो करके एनडीए की ताकत का प्रदर्शन किया। हालांकि इस दौरान CM नीतीश कुमार के मौजूद न रहने से NDA की एकता को लेकर सवाल भी उठे। 

पीएम मोदी – पटना में CM नीतीश की गैरमौजूदगी में भव्य रोड शो किया

पटना में पीएम मोदी ने दिनकर गोलंबर से उद्योग भवन तक मेगा रोड शो किया। आरा और नवादा में रैलियों के बाद शाम 5:30 बजे शुरू हुआ यह शो 2.8 किमी लंबा था। यह रोड शो नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, बकरगंज से होकर गुजरा, जिसमें हजारों समर्थक भगवा झंडों, आरती और फूलों से स्वागत कर रहे थे।

पीएम मोदी के रोड शो में नीतीश कुमार मौजूद नहीं थे।

स्थानीय महिलाएं अपने घरों की बालकोनी से फूल डालतीं देखी गईं।  इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के ललन सिंह और रविशंकर प्रसाद साथ थे, लेकिन नीतीश कुमार गायब रहे।

पीएम का यह भव्य रोड शो दिखाता है कि बीजेपी प्रचार में कितना रूपया खर्च कर रही है।

मोदी ने दिनकर की मूर्ति पर पुष्पांजलि की और रोड शो के बाद पटना साहिब गुरुद्वारा भी गए। भाजपा ने ‘विकसित बिहार’ का संदेश दिया। उनकी सुरक्षा के लिए 5,000 पुलिस, एसपीजी तैनात रही और ट्रैफिक को दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक डायवर्ट रखा गया।  


 

राहुल गांधी – निषाद वोटरों के गढ़ में पोखर में कूदकर मछली पकड़ी

बेगूसराय | धनंजय झा

बिहार चुनाव में सबसे लेट एंट्री करने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र के एक पोखर में मछुआरों के संग मछली पकड़ी और सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पर स्थानीय वोटरों पर उनके इस प्रचार का क्या प्रभाव होगा, ये तो वक्त ही बताएगा। गौरतलब है कि बेगूसराय को भाजपा का गढ़ माना जाता है।  भाजपा नेताओं ने तंज कसा कि राहुल मछली मार रहे हैं।

मछुआरों के साथ मछली पकड़ने की कोशिश करते राहुल, साथ में VIP पार्टी के चीफ मुकेश साहनी और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार।

दरअसल 2 नवंबर को राहुल गांधी ने कांग्रेस प्रत्याशी अमिता भूषण के लिए जनसभा की,  फिर स्थानीय मछुआरों के साथ पोखर में उतरकर पारंपरिक मछली पकड़ने के तरीके में हिस्सा लिया। इसे राहुल की यह मल्लाह-निषाद वोटरों को लुभाने की कोशिश माना जा रहा है।

राहुल गांधी के साथ विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश साहनी भी मौजूद थे जो महागठबंधन के डिप्टी सीएम फेस हैं। मुकेश सहनी ने जाल फेंककर मछली पकड़ी, तो राहुल ने भी हाथ आजमाए और पोखर में छलांग लगा दी।

बेगुसराय में जनसभा के बाद राहुल गांधी ने निषाद समाज से जुड़ने की कोशिश में तालाब में उतरकर मछली पकड़ी।

जब राहुल गांधी ने जाल हाथ में लेकर मछली निकाली, तो बगल में बैठे मछुआरों ने उसने कहा कि काम तो हम रोज करते हैं, पर बरसात के तीन महीने में पेट पालना मुश्किल हो जाता है। राहुल गांधी ने तुरंत जवाब दिया, हम समझते हैं… सरकार बनी तो जून, जुलाई और अगस्त में हर मछुआरे को 5,000 रुपये महीना मदद दी जाएगी। साथ ही, मछुआरों को निषाद सुरक्षा कार्ड और पांच लाख रुपये तक का बीमा देने की बात कही।

पटना | राहुल गांधी के मछली पकड़ने पर भाजपा और NDA नेताओं ने कटाक्ष किए। HAM चीफ जीतन राम मांझी बोले- राहुल गांधी के पास कोई काम नहीं, अब मछली पकड़ने में लगे हैं!”  डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बोले- “काम तो कुछ कर ही रहे हैं ना… यही तो देश चाहता है कि गांधी परिवार कुछ काम करे।
संसद मनोज तिवारी ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा- “अच्छी बात है, राहुल को मछली मारना चाहिए।”

 


 

पीएम बोले- RJD ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर तेजस्वी को CM फेस बनाया

पटना में रोड शो से पहले पीएम मोदी ने नवादा में जनसभा के दौरान कहा कि राजद ने कांग्रेस पर दवाब डालकर तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम चेहरा बनाया है। हालांकि पीएम मोदी के यह बात कहने के तरीके की चर्चा हो रही है।

दरअसल पीएम मोदी ने कहा कि ‘RJD ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर तेजस्वी को CM फेस बनाया है।’  गौरतलब है कि छठ के बाद मुजफ्फरपुर की रैली में पीएम मोदी ने कहा था कि राजद की पहचान कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार, कुशासन व करप्शन की है।

 

Exit mobile version