- इज़रायल के इस दावे पर अब तक ईरान ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
नई दिल्ली | पश्चिम एशिया में युद्ध के 27वें दिन इजरायल ने ईरानी नौसेना प्रमुख की मौत का दावा किया है।
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने दावा किया कि 25 मार्च की रात में किए गए एक हवाई हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के नौसेना कमांडर अलीरेज़ा तंगसीरी को मार दिया गया है।
रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने वीडियो बयान में कहा,
“हॉर्मुज स्ट्रेट में सुरंगें बिछाने और जहाजों का रास्ता रोकने के आतंकी अभियान के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार व्यक्ति को विस्फोट में उड़ाकर खत्म कर दिया गया है।”
गौरतलब है कि ईरान की ओर से अभी तक इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अगर यह सही साबित होता है तो ईरान की सैन्य ताकत के लिए एक और बड़ा झटका होगा।
दरअसल नौसेना कमांडर अलीरेज़ा तंगसीरी, ईरान की समुद्री सैन्य शक्ति के सबसे प्रमुख चेहरा रहे हैं।
उनके पास IRGC नौसेना का नेतृत्व 2018 से है और हालिया जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट को एक तरह से बंद रखने का जिम्मा उन्होंने ही उठाया है।
इससे पहले इज़रायल-अमेरिका की संयुक्त कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खाइमेनेई समेत कई बड़े लीडरों की हत्या हो चुकी है।
इजरायली मीडिया ने सबसे पहले खबर की थी ब्रेक
गौरतलब है कि ईरानी नौसेना कमांडर की मौत का दावा 26 मार्च को सबसे पहले एक इज़रायली समाचार दैनिक ‘द येरुशलम पोस्ट’ ने अपनी एक रिपोर्ट किया था।
रिपोर्ट में कहा गया कि “होर्मुज स्ट्रेट से सटे ईरान के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में हुए एक हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के प्रमुख अलीरेजा तांगसिरी की मौत हो गई है।”
रिपोर्ट प्रकाशित होने के कुछ घंटों के बाद एक वीडियो बयान जारी करके इज़रायली रक्षा मंत्री ने अपनी ओर से इस दावे की पुष्टि कर दी। अभी इस दावे को लेकर ईरान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
