Site icon बोलते पन्ने

NEET छात्रा के परिवार से मिले डिप्टी सीएम, बोले- दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा जहानाबाद आकर पीड़ित परिवार से मिले।

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा जहानाबाद आकर पीड़ित परिवार से मिले।

जहानाबाद | शिवा केसरी

पटना में रहकर नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की एक छात्रा के साथ रेप और मर्डर मामले में पटना पुलिस के ऊपर उठ रहे सवालों के बीच राज्य सरकार सामने आई है। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने जहानाबाद आकर मंगलवार शाम को मृतक छात्रा की मां व पिता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिलाया कि उन्हें जल्द न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि छह जनवरी को पटना के शंभु गर्ल्स हॉस्टल से छात्रा को बेहोश हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद दो और अस्पतालों में उसका इलाज चलने पर भी उसकी मौत हो गई। इस मामले में छात्रा के शरीर पर चोटों के निशान के आधार पर पिता ने बेटी से रेप होने की आशंका जताकर केस दर्ज कराया था। पर पटना पुलिस लगातार रेप-मर्डर से इनकार करती रही। पुलिस का कहना था कि छात्रा ने नींद की दवा खाकर आत्महत्या कर ली। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रेप की पुष्टि हुई तो बिहार डीजीपी ने SIT गठित कराई। फिर FLS रिपोर्ट में भी घटना के समय छात्रा के पहने कपड़े में स्पर्म मिला, जिसने पुलिस की कहानी को झूठा साबित कर दिया। इस पूरे मामले पर पुलिस के साथ राज्य सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठने लगे। ऐसे में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा जहानाबाद पहुंचे हैं।

पिता बोले- अब न्याय की उम्मीद जगी

इस दौरान मृतिका की मां फूट-फूट कर रोती रहीं और बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। छात्रा के पिता ने कहा कि डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है।

Exit mobile version