नई दिल्ली|
गज़ा में शांति की पहली शर्त यानी हमास की ओर से आखिरी जिंदा बीस बंधकों को इजरायल को सौंपना और बदले में फलस्तीनी बंधकों की वापसी की ऐतिहासिक घटना को सभी अंग्रेजी अखबारों ने पहली खबर बनाया। इसमें टाइम्स ऑफ इंडिया अपवाद था, जिसने इस खबर को फ्लैप पर जगह दी।
पर हिन्दी अखबारों ने हिन्दी पाठकों को इस घटना का महत्व समझाने के बजाय लालू यादव पर कसे अदालती शिकंजे की खबर को लीड स्टोरी बनाया। हालांकि बिहार चुनाव के चलते ये खबर काफी अहम है पर 13 अक्तूबर में पूरी दुनिया के लिए गज़ा का घटनाक्रम महत्वपूर्ण था क्योंकि इस युद्ध में 65000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और इसका असर पूरी दुनिया पर प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से पड़ रहा है।
द इंडियन एक्सप्रेस ने उस ऐतिहासिक घटना को पहली खबर बनाया है, हमास ने दो साल चले युद्ध के बाद आखिरी जिंदा बचे बंधकों को छोड़ा और बदले में दो हजार फलस्तीनी कैदी इजरायल ने छोड़े।
द हिन्दू ने भी इसी खबर को पहले पेज पर लगाया है।
द हिन्दुस्तान टाइम्स ने भी इसी खबर को पहले पन्ने पर लिया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने पहले पन्ने पर भारत-कनाडा व्यापार संबंध को लेकर खबर दी। दोनों देशों के बीच तल्खी के बाद कनाडा की विदेश मंत्री भारत दौरे पर आईं।
दैनिक जागरण ने लालू यादव के ऊपर land for jab घोटाले में आपराधिक आरोप तय होने की खबर को पहले पेज पर लिया।
दैनिक हिन्दुस्तान ने भी इसी खबर को पहली खबर बनाया।
अमर उजाला ने भी इसी खबर को फ्रंट फेज पर प्रमुखता से लगाया।
दैनिक भास्कर ने भी इसी खबर को प्रमुख खबर बनाया। हालांकि ठीक बराबर में गज़ा में शांति की शुरूआत की खबर लगाई है।

