Site icon बोलते पन्ने

गोपालगंज(बिहार): शक्ति पीठ थावे देवी के आभूषण डेढ़ महीने बाद बरामद, स्पीडी ट्रायल से चोरों को सजा दिलाएगी पुलिस

थावे दुर्गा मंदिर (बाये) व दुर्गा मूर्ति के चोरी हुए आभूषण बरामद हुए (दाये)। तस्वीर- टीम बोलते पन्ने।

थावे दुर्गा मंदिर (बाये) व दुर्गा मूर्ति के चोरी हुए आभूषण बरामद हुए (दाये)। तस्वीर- टीम बोलते पन्ने।

गोपालगंज | आलोक कुमार

बिहार के गोपालगंज स्थित शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर में डेढ़ महीने पहले चोरी हुए आभूषण आखिरकार SIT ने बरामद कर लिए हैं। बीते 17 दिसंबर को नकाबपोश चोरों ने दुर्गा मूर्ति के सभी आभूषण चोरी कर लिए थे, इस घटना से स्थानीय लोगों में खासा नाराजगी थी। गोपालगंज पुलिस के ऊपर दवाब था, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने एनकाउंटर करके एक आरोपी को घायल अवस्था में पकड़ा था। 27 जनवरी को एसपी विनय तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि चौथा आरोपी भी गिरफ्तार हो गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले का खुलासा करने के लिए SIT को राज्य स्तर का पुरस्कार दिलाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

इस मामले में चोरों को पकड़ने के लिए SIT ने राज्य में कई जगहों पर छापामारी की थी। घटना के चौथे आरोपी शरीफ आलम को पकड़ने के लिए टीम ने गोपालगंज, सिवान व छपरा में छापामारी की। एसआईटी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की देर रात में शरीफ आलम को उसके घर भोजपुरवा गांव से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मां दुर्गा के सभी आभूषण जिसमें सोने के मुकुट का आधा हिस्सा, सोने के नेकलेस का आधा भाग,  चांदी की छतरी व हार बरामद किया।

इस मामले में साक्ष्य छुपाने और आभूषण बेचने के सहयोग कराने वाले आरोपियों को भी पकड़कर जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपी अरार के शरीफ आलम, चांद आलम और एक महिला हैं। इसके अलावा, सिवान जिले के मुफ्फसिल थाना के छोटपुर गांव के एजाज अली को भी गिरफ्तार किया गया है।

15 दिन में गवाही कराकर होगा स्पीड ट्रायल

एसपी ने गठित एसआईटी टीम के द्धारा 15 दिनों के अंदर गवाही कराकर स्पीड ट्रायल चलाकर सजा दिलाने की बात कही। गठित टीम के सदस्य सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर कर्मवीर प्रसाद सिंह, कटेया थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान नगर थानाध्यक्ष प्रवीन प्रभाकर, थावे थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार व डीआईयू टीम हैं। प्रेस वार्ता में कहा गया है कि सभी आरोपित को सजा दिलाने के बाद पुरस्कृत किया जाएगा।

मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई

एसपी ने कहा कि मंदिर की सुरक्षा और कड़ी व्यवस्था की जाएगी। जिसको लेकर एसपी ने सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार के नेतृत्व में सर्किल इंस्पेक्टर कर्मवीर प्रसाद सिंह, नगर थानाध्यक्ष प्रवीन प्रभाकर और थावे थानाध्यक्ष को टीम में रखा गया है।

Exit mobile version