Site icon बोलते पन्ने

Inside Story : गिरफ्तारी से 3 दिन पहले पप्पू यादव ने कहा था- ‘NEET छात्रा के परिवार से मिलेंगी प्रियंका गांधी’; दिल्ली में आज है बड़ा प्रदर्शन

तीन फरवरी को मीडिया के सामने पप्पू यादव ने नीट मामले में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के सक्रिय होने की बात कही थी, जो उनकी गिरफ्तारी का मुख्य कारण माना जा रहा है।

तीन फरवरी को मीडिया के सामने पप्पू यादव ने नीट मामले में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के सक्रिय होने की बात कही थी, जो उनकी गिरफ्तारी का मुख्य कारण माना जा रहा है।

पटना | हमारे संवाददाता

पूर्णिया के सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी होने के बाद बिहार में यह चर्चा जोरों पर है कि उनकी गिरफ्तारी भले अदालती फरमान पर हुई हो पर इसके पीछे नीट छात्रा हत्याकांड है। इस बीच सांसद पप्पू यादव का तीन फरवरी को दिया गया एक बयान दोबारा चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि नीट आकांक्षी छात्रा (Aspirent) के साथ हुए रेप व हत्या मामले में उन्होंने प्रियंका गांधी से बात की है और वे आने वाले दिनों में पीड़ित परिवार से मिलेंगी।

माना जा रहा है कि पप्पू यादव इस मामले को जिस जोर से उठा रहे थे, उससे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA सरकार दवाब में आ रही थी। सांसद पप्पू यादव ने संसद में भी नीट छात्रा की हत्या का मामला उठाया था और वे इसे बिहार के बाद राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उठाने लगे थे।

दिल्ली के बड़े प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे पप्पू यादव

आज (8 feb) इसी मामले में नई दिल्ली में एक प्रदर्शन भी रखा गया है जिसमें पप्पू यादव को हिस्सा लेना था। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जहानाबाद से मृत लड़की के माता-पिता दिल्ली रवाना हो गए हैं। दैनिक भास्कर ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि सांसद पप्पू यादव दिल्ली से पटना शुक्रवार को इसी मामले में आए थे। उन्हें शनिवार को अदालत में उपस्थित होना था और उसके अगले दिन वे पीड़ित परिवार को अपने साथ दिल्ली लेकर जाने वाले थे जहां एक बड़ा प्रदर्शन जंतर-मंतर पर रविवार को होना है।

राहुल-प्रियंका ने गिरफ्तारी की आलोचना की

वहीं, सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद 7 फरवरी को राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके इसकी आलोचना। LOP राहुल गांधी ने कहा कि “नीतीश सरकार ने यह गिरफ्तारी इसलिए करवाई क्योंकि इस बेटी के लिए न्याय की आवाज़ बनकर साथी सांसद पप्पू यादव मजबूती से खड़े हुए थे।” प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, “भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों के साथ खड़ी हो जाती हैं। इस केस में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव जी की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है।”

तेजस्वी ने विधानसभा में उठाया था मुद्दा

इससे पहले नीट आकांक्षी छात्रा की मौत का मामला बिहार विधानसभा के बजट सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उठाया था। तब उन्होंने बिहार में हुईं कई प्रमुख घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार से पूछा था कि  क्या ये कानून का राज है?

पटना पुलिस ने एक और केस लगाया

सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के दौरान हुए हंगामे को लेकर पटना पुलिस ने सांसद व उनके समर्थकों पर सरकारी काम में बाधा डालने को लेकर केस दर्ज किया है। पूर्णियां सांसद को बेऊर जेल के अंदर प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद वापस PMCH भेज दिया गया। उनके मामले में अगली सुनवाई सोमवार को होगी।

Exit mobile version