Site icon बोलते पन्ने

जहानाबाद में नियमों की अनदेखी करने वाले 87 निजी स्कूल होंगे बंद, गुरुकुल हॉस्टल कांड के बाद लिया बड़ा ऐक्शन

जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी

जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी

जहानाबाद | शिवा केशरी

जहानाबाद में शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी करने वाले 87 निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।

बीते सप्ताह जहानाबाद के गुरुकुल हॉस्टल व स्कूल में 5 साल के एक बच्चे के साथ कुकर्म व हत्या की दुखद घटना हुई थी।

जिसके बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा और मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर ऐक्शन लिया है।

जहानाबाद के इस निजी स्कूल – हॉस्टल में रहकर पढ़ रहे मासूम के साथ हुई थी जघन्य घटना। 

जांच में मानक पाए गए अधूरे

मासूम के साथ हुई घटना के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) सरस्वती कुमारी के निर्देश पर सभी प्रखंडों में निजी स्कूलों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

जिसमें 87 प्राइवेट स्कूल ऐसे निकले जो बिहार शिक्षा अधिनियम-2009 के अनिवार्य नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता और असुरक्षित ढंग से चल रहे इन संस्थानों को अब संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला शिक्षा कार्यालय ने घटना होने के बाद लिया ऐक्शन

काको प्रखंड में सबसे ज्यादा 31 स्कूल फर्जी निकले

काको प्रखंड में 31 स्कूलों की मान्यता रद्द होगी। मोदनगंज प्रखंड में 22 स्कूल, रतनी प्रखंड में 12 स्कूल, हुलासगंज प्रखंड में 11 स्कूल व सदर प्रखंड में 11 स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है।

अगर स्कूल चलते मिले तो भारी जुर्माना

शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर आदेश के बावजूद इन स्कूलों में पढ़ाई जारी रही तो 1 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी ने चेतावनी दी है कि जो स्कूल नियमों का उल्लंघन करेंगे या मनमाने ढंग से हॉस्टल चलाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Exit mobile version