पटना | बिहार में कानून-व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर छिड़ी बहस के बीच जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने एक बेहद विवादित बयान दिया है।
सांसद ने अपराधियों के ‘एनकाउंटर’ और उनकी अवैध संपत्तियों पर ‘बुलडोजर’ चलाने का पुरजोर समर्थन किया है।
देवेश चंद्र ठाकुर ने पुलिसिया कार्रवाई को जायज ठहराते हुए कहा कि “जो अपराधी सुधरने को तैयार नहीं हैं, उनका एनकाउंटर होना ही चाहिए।”
उन्होंने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलने के सवाल पर दो टूक कहा कि “जो अवैध है, उसे हटाया ही जाना चाहिए।”
सांसद ने सवाल उठाया कि क्या गरीब होने का मतलब यह है कि “कोई किसी की हत्या कर दे और उसे सजा न मिले?”
विपक्ष और मीडिया पर निशाना
विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे ‘जाति विशेष के एनकाउंटर’ के आरोपों पर सांसद भड़क गए और इसे राजनीति से प्रेरित बताया।
उन्होंने पत्रकारों से तीखी प्रतिक्रिया देते हुए यहां तक कह दिया कि वे भविष्य में ऐसे सवाल पूछने वालों से बात नहीं करेंगे। साथ ही, उन्होंने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की यात्रा को एक ‘अच्छी पहल’ बताया।
