- रतनी-फरीदपुर के BRC में छात्रों से ढुलाई गईं किताबें।
- जिम्मेदार अफसरों ने चुप्पी साध ली, वीडियो वायरल हो रहा।
- अभिभावकों ने बच्चों से काम कराने को लेकर नाराज़गी जतायी।
जहानाबाद | शिवा केसरी
जिले के रतनी-फरीदपुर प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) में छात्रों से किताब ढुलवाए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं, जिसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजकीय मध्य विद्यालय सिकंदरपुर स्कूल के छात्र, स्कूल में पढ़ाई करने के बजाय बीआरसी परिसर में किताबें ढोते नजर आए।
यह घटना उस समय की बताई जा रही है, जब बच्चों का स्कूल समय चल रहा था।
ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बच्चों को पढ़ाई छोड़कर इस तरह के काम में क्यों लगाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टीचर कार्यालय के काम भी बच्चों से करा लेते हैं, ऐसा पहले भी देखा गया है।
इस पूरे मामले पर अब तक संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है।
वहीं, अभिभावकों ने नाराज़गी जताते हुए मामले में जांच करके दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो सकें।
लोगों का कहना है कि अगर शिक्षा के मंदिर में ही बच्चों से मजदूरी कराई जाएगी, तो उनकी पढ़ाई और भविष्य पर गंभीर असर पड़ना तय है। प्रशासन को चाहिए कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करे।

