कटिहार | कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 32 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में अधिकांश लोग पूर्णिया जिले के जनजातीय समुदाय से हैं, जो पड़ोसी राज्य झारखंड के साहेबगंज स्थित भोगनाडीह में धार्मिक यात्रा पूरी कर पिकअप वैन से वापस लौट रहे थे।
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने भी इसकी पुष्टि की है और बताया है कि एक मृतक कटिहार जिले के भी हैं। उन्होंने बताया कि “प्रधानमंत्री राहत कोष से सांत्वना राशि दी जाएगी।”
सीएम नीतीश कुमार का ट्वीट
उधर, सीएम नीतीश कुमार ने भी ट्वीट करके सभी मृतकों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये राहत राशि देने की घोषणा की है।
दो वाहनों से टकराकर भाग रही थी बस
राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर दादपुर और बसगारा चौक के बीच यह दुर्घटना तब हुई जब एक तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन समेत कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, “एक अनियंत्रित बस पीछे से एक कार और टोटो को टक्कर मारकर भागने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान बस ने सामने से आ रही एक पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी।”
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए। इस चपेट में एक स्कार्पियो और तीन मोटरसाइकिलें भी आ गईं।
श्रद्धालुओं से भरी थी पिकअप वैन
पिकअप वैन पर सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुहवा गांव के निवासी थे। वे झारखंड के साहेबगंज स्थित भोगनाडीह से पूजा कर वापस लौट रहे थे।
पिकअप पर करीब 35 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में जान गंवाने वालों में एक बाइक सवार सदानंद मुर्मू (32) भी शामिल हैं, जो कोढ़ा के मड़वा से अपने घर लौट रहे थे।
हादसे में जान गंवाने वालो के नाम
हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। मृतकों में राधिका हांसदा (13), तलवी देवी (40), पप्पू हांसदा, तलपू सोरेन, ताला हांसदा, बेटिया मरांडी, पप्पू देवी, पिकअप चालक चिंतामणी महतो (35) और सदानंद मुर्मू शामिल हैं।
एक मृतक महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहां 32 लोगों का इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

