- सोशल मीडिया पर स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद नवादा प्रशासन ने युवक को पकड़ा।
नवादा | अमन सिन्हा
रील (Reel) बनाने के लिए एक सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंट (Bike Stunt) कर रहे युवक को बिहार पुलिस (Bihar Police) ने कड़ा सबक सिखाया है। जानलेवा स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल (Viral Video) होने के बाद नवादा जिला प्रशासन ने युवक पर 32000 रुपये का जुर्माना लगाया। इतना ही नहीं, पुलिस ने एक वीडियो बनाकर युवक से सार्वजनिक रुप से माफी (Public Apology) मंगवाई। अब युवक के माफीनामा वाला वीडियो भी स्थानीय मीडिया में खूब वायरल हो रहा है।
चलती गाड़ी पर खड़े होकर स्टंट
दरअसल स्थानीय सोशल मीडिया (Social Media) में एक युवक के बाइक पर स्टंट करने का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह चलती बाइक के ऊपर खड़ा हो नजर आ रहा है और पास से एक ऑटो गुजरता है। पीछे से उसके दो दोस्त बाइक पर बैठे उसका वीडियो बना रहे हैं। एक अन्य वीडियो में युवक पूरी सड़क पर टेड़े-मेड़े तरीके से बाइक घुमाता हुआ तेज स्पीड में गुजरता नजर आता है। इस वी़डियो में भी आसपास से गाड़ियां गुजर रही हैं।
वायरल वीडियो के जरिए पकड़ा गया
वीडियो पर नवादा जिला प्रशासन (Nawada Police) ने तुरंत ऐक्शन लिया, एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर कादिरगंज थाना पुलिस ने वीडियो का सत्यापन (Verification) किया। जांच में स्टंट करने वाले युवक की पहचान डबलू चौधरी (पुत्र गोविंद चौधरी) के रूप में हुई है जो कादिरगंज बाजार के बाजार मुस्लिम टोला का रहने वाला है। युवक के नाम पर ही वह मोटरसाइकिल दर्ज थी, जिससे स्टंट किए गए। जिला परिवहन पदाधिकारी ने मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicle Act) की धारा 199(a), 184, 194(c) और 194(d) के तहत डबलू चौधरी पर 32,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाया।
कार्रवाई के जरिए युवाओं को संदेश
जिला प्रशासन ने कहा है कि सख्त कार्रवाई के जरिए वे युवाओं को संदेश देना चाहते हैं कि जिम्मेदारी से यातायात नियमों (Traffic Rules) का पालन करते हुए वाहन चलाएं। खतरनाक स्टंट या लापरवाही से वाहन चलाना न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि समाज के लिए भी बड़ा जोखिम पैदा करता है।

