मरने वालों में 4 बच्चे और 6 महिलाएं भी शामिल
गैस लीक हाेने से हुआ ब्लास्ट,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नई दिल्ली। पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कराची में सिलेंडर विस्फोट से एक तीन मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 14 लोग घायल हो गए हैं। मरने वालों में 4 बच्चे और 6 महिलाएं हैं। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक सोल्जर बाजार नंबर 3 में यह गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। राहत बचावकर्मी मौके पर पहुंच गए हैं और तेजी से बचाव अभियान जारी है।
और लोगों के दबे होने की आशंका
जिओ न्यूज के मुताबिक डीआईजी डाक्टर फारुख लानजार ने कहा कि शुरुआती सूचना के मुताबिक यह विस्फोट गैस लीक करने की वजह से हुआ। उन्होंने बताया कि इस बात की आशंका है कि और शव अभी इमारत के अंदर दबे हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि मलबे को हटाने के लिए राहत और बचाव काम तेजी से जारी है। सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस विस्फोट के असली कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।
10 साल की बच्ची ने भी गंवाई जान
बचाव दल के सूत्रों ने बताया कि यह विस्फोट बुधवार की रात को पहले फ्लोर पर हुआ। यह विस्फोट इतना तेज था कि पूरी इमारत इससे गिर गई और इतने लोग मारे गए।
मरने वालों में एक 10 साल की बच्ची और एक 60 साल के बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी पीड़ितों की पहचान की कोशिश की जा रही है। एक 14 साल की बच्ची को बचा लिया गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। इमारत के तलाशी का काम पूरा हो गया है और अब मलबे को हटाया जा रहा है।
सिंध के मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लिया
सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने घटना पर घटना पर दुख जताया है। सीएम हाउस की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि मलबे में फंसे लोगों को तुरंत बचाया जाए और पीड़ितों को सबसे अच्छी मेडिकल मदद दी जाए।
