Site icon बोलते पन्ने

मुंगेर: दारोगा की पत्नी की सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगी, मौके पर मौत; पिता बोले- हत्या हुई

शादी को मात्र एक साल हुआ था

शादी को मात्र एक साल हुआ था

मुंगेर | प्रशांत मुंगेर

बिहार के मुंगेर में तैनात एक दारोगा की सर्विस रिवॉल्वर से पत्नी की गोली लगने से मौत हो गई है। दारोगा का कहना है कि उनकी “पत्नी ने रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।” जबकि मृतका के पिता का कहना है कि “बेटी की हत्या हुई है।” मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र के एक किराये के घर में यह घटना हुई है। मृतका की पहचान मधु कुमारी के रूप में हुई है जो सफियासराय थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (SI) चंदन कुमार की पत्नी थीं।

मौके पर पहुंचे एसपी सैयद इमरान मसूद के मुताबिक-

“प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। एसआई की सर्विस रिवॉल्वर को जब्त कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का सही पता लग सकेगा।”

सीने पर लगी बंदूक की गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, “शनिवार की देर शाम मकान के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। कमरे के भीतर मधु कुमारी खून से लथपथ पड़ी थीं।”

घायल मधु कुमारी को मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इमरजेंसी विभाग के डॉक्टर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि

“महिला जब अस्पताल लायी गई थी तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी। उनके बायीं ओर सीने में गोली लगने और पीठ पर गोली बाहर निकलने का निशान था।”

एक साल पहले हुई थी शादी

मृतका के पिता रंजीत कुमार बेटी की मौत की सूचना पर देर रात समस्तीपुर से मुंगेर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि “मधु की शादी SI चंदन कुमार के साथ 7 फरवरी, 2025 को हुई थी। चंदन पश्चिमी चंपारण जिले के मैनाटांड़ के रहने वाले हैं।”

पिता रंजीत कुमार के मुताबिक, “पिछले तीन महीनों से मधु अपने पति के साथ सफियासराय में रह रही थी।”

Exit mobile version