Site icon बोलते पन्ने

नालंदा (बिहार): सरकारी अस्पताल में नसबंदी के दौरान महिला की मौत, परिवार ने हंगामा किया

हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में नसबंदी के दौरान मौत के बाद बिलखती रिश्तेदार।

हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में नसबंदी के दौरान मौत के बाद बिलखती रिश्तेदार।

नालंदा | संजीव राज

बिहार के नालंदा के जिला अस्पताल में एक महिला की नसबंदी होने के मौत हो गई, परिवार वालो ने मौके पर हंगामा करके सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाया। यह मामला हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल का है, जहां के प्रशासक ने आरोपों पर कहा है कि बंध्याकरण ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।
इस घटना में जान गंवाने वाली महिला का नाम पिंकी देवी (28) है, जो हिलसा थाना क्षेत्र के मलविगहा गांव में इंदल विन्द की पत्नी थीं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

आशा के जरिए गई थी अस्पताल

परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे गांव की ही आशा कार्यकर्ता धर्मशीला देवी के माध्यम से पिंकी देवी को बंध्याकरण ऑपरेशन के लिए अस्पताल लाया गया था। दोपहर करीब 12 बजे उन्हें भर्ती किया गया और आवश्यक जांच के बाद ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।

डॉक्टर ने कहा- ‘होश आ जाएगा’ पर वह मर गई

जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. वंदना कुमारी ने नसबंदी ऑपरेशन किया। दोपहर करीब 2 बजे महिला को बेहोशी की हालत में ओटी से बाहर लाया गया। परिजनों का आरोप है कि काफी देर तक पिंकी के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। जब डॉक्टर से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कुछ देर में होश आ जाएगा। लेकिन स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने दोबारा डॉक्टर से देखने की गुहार लगाई। इसके बाद नब्ज जांचते ही डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

ऑपरेशन से पहले स्वस्थ थी महिला

परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन से पहले पिंकी देवी पूरी तरह स्वस्थ थीं और डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने में जुट गया। हालांकि परिजन लापरवाह डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

क्या बोला अस्पताल प्रशासक

अस्पताल उपाधीक्षक एस.के. सुधाकर ने बताया कि बंध्याकरण ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हुई है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। 
Exit mobile version