Site icon बोलते पन्ने

नवादा (बिहार): कटाई के लिए तैयार 100 बीघा गेहूं की फसल में लगी आग

नवादा के दो गांव की फसलों में आग फैल गई जिससे फसलें जलकर राख हो गईं। (तस्वीर - नवादा संवाददाता)

नवादा के दो गांव की फसलों में आग फैल गई जिससे फसलें जलकर राख हो गईं। (तस्वीर - नवादा संवाददाता)

नवादा | अमन सिन्हा

नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के डेरमा और दरियापुर गांव में शनिवार को गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। इस घटना में लगभग 100 बीघा से अधिक क्षेत्र में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों का अनुमान है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट या भोजन बनाने के बाद बची चिंगारी से आग लगी होगी।

नवादा जिले में इन दिनों आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर अग्निशमन विभाग लगातार काबू पाने का प्रयास कर रहा है।

आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते बड़े इलाके में फैल गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार बढ़ती रहीं।

कई ग्रामीणों ने घटना के वीडियो भी जारी किए, जिसमें आग की भयावहता साफ दिख रही है।

नवादा के दो गांव की फसलों में आग फैल गई जिससे फसलें जलकर राख हो गईं। (तस्वीर – नवादा संवाददाता)

इस अग्निकांड से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। अपनी आंखों के सामने अपनी मेहनत की फसल को जलता देख किसानों में बेचैनी और निराशा छा गई। जिन किसानों की फसल जलकर खाक हुई है, वे गहरे सदमे में हैं।

घटना की सूचना मिलते ही किसान और ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े थे। आग की भयावहता और लगातार बढ़ती चिंगारियों के कारण उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

यह घटना जिले में हुए अग्निकांडों में सबसे बड़े नुकसान वाली बताई जा रही है।

Exit mobile version