- नवादा में अकेली रहती थी अधेड़ महिला, खेत पर काम करने गई थी।
- खेत में नग्न अवस्था में मिला महिला का शव, बेटे ने कहा- रेप के बाद मर्डर हुआ।
- बेटे को गांव वालो के साथ चार घंटे सड़क जाम करना पड़ा, तब शव दिखाया।
नवादा | अमन कुमार सिन्हा
बिहार में एक महिला से बलात्कार की घटना को मीडिया से छुपाने के लिए पुलिस ने रातोंरात परिवार की गैर मौजूदगी में शव कब्जे में ले लिया। मृत महिला का बेटा पुलिस के आगे मां का शव दिखाने की गुहार लगाता रहा पर उसकी एक न सुनी गई। आखिर में परेशान बेटे व गांव वालो ने मिलकर चार घंटे तक रोड जाम रखा तब जाकर अधिकारी दवाब में आए।
पटना में पढ़ाई कर रहा बेटा बदहवासी में अपने घर नवादा लौटा। यहां जाम लगाने के दौरान उसने मीडिया से कहा कि उसकी मां की बॉडी खेत में नग्न मिली है, जिससे लगता है कि उनके साथ रेप हुआ है। वह अपनी मां की बॉडी देखना चाहता है पर पुलिस वाले उसका फोन नहीं उठा रहे हैं।
नवादा जिले में हुई इस घटना ने न सिर्फ पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं, बल्कि यह घटना अकेले रहने वाली महिलाओं को लेकर समाज के क्रूर नजरिए का भी एक घिनौना उदाहरण बन गई है।
दरअसल नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के एक गांव में जिस अधेड़ महिला के साथ कथित रूप से रेप व मर्डर की घटना सामने आयी है, वह अपने घर में अकेली रहती थी। बिहार में यह स्थिति आम है, जब रोजगार की तलाश में घर के पुरुषों को दूसरे राज्य जाना पड़ता है। करीब 45 साल की इस महिला के पति दिल्ली में नौकरी करते हैं और बेटा पटना में रहकर कॉम्पटीशन की तैयारी करता है। महिला की 5 बेटियों की शादी हो चुकी है।
बीते 16 फरवरी की शाम को यह महिला अपने खेत में पटवन करने गई थी और उसके बाद घर नहीं लौटीं। महिला के पड़ोस में रहने वाले देवर के परिवार को जब इसका पता लगा तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। रात करीब 11 बजे महिला का शव खेत मेें ही पूरी तरह नग्न अवस्था में मिला। महिला के गले पर आगे की ओर किसी धारदार हथियार का निशान भी पाया गया है। शव मिलने की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जब डेडबॉडी की हालत देेखी तो मामले की गंभीरता को समझते हुए करीब 6 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया और डीएसपी भी मौके पर पहुंचे।
मृत महिला के बेटे ने 17 फरवरी को सड़क जाम करने के दौैरान संवाददाता से कहा कि देर रात वे पटना से नवादा पहुंच गए थे पर सुबह करीब चार बजे पुलिस उनकी मां का शव लेकर चली गई। उनके फोन करने पर पुलिस ने बार-बार फोन काटा और उन्हें मां का शव नहीं देखने दिया।
इस मामले में पांच एक्सपर्ट की टीम बनाकर महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया है, जिसमें एक महिला डॉक्टर भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों को हिरासत में भी लिया है।
इस मामले में पुलिस कैमरे पर कुछ बताने से बच रही है।
घटना को लेकर डीएसपी हुलास कुमार ने बयान दिया है कि उनकी टीम हर बिंदु पर जांच कर रही है। महिला की हत्या हुई है, उनके बदन पर कपड़ा नहीं था, परिवार के जो भी आरोप हैं, उनको लेकर जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामला का खुलासा किया जाएगा।

