पटना |
नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू (JDU) ने NDA गठबंधन के सहयोगी दलों से तनातनी के बीच अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी। पहली सूची में 57 सीटों पर नामों की घोषणा हुई जिसमें वे सीटें भी हैं जो NDA ने चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को दी थीं।
NDA गठबंधन में JDU को इस बार कुल 101 सीटें मिली हैं। इसमें से 57 सीटों की लिस्ट में नीतीश कुमार ने 30 नए चेहरों पर दांव लगाया है। माना जा रहा है कि 20 साल लंबे शासन के चलते विरोधी लहर से बचने के लिए नए चेहरों को मौका दिया है।
जेडीयू की पहली लिस्ट में लवकुश समाज यानी कृषि प्रधान कुर्मी और कोइरी जाति के 23 उम्मीदवारों को टिकट मिला है जो नीतीश कुमार का कोर वोटर माना जाता है। दलित समाज से 12 और अति पिछड़ा के 9 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। महिलाओं के बीच गहरी पैठ वाली JDU ने सिर्फ चार महिला उम्मीदवारों को ही पहली सूची में जगह दी है।
नए चेहरों को टिकट दिए जाने की संभावनाओं के चलते कई सिटिंग विधायकों ने विरोध करना शुरू कर दिया था जो लिस्ट घोषित होने के बाद बढ़ गया है। इन नेताओं को साधना नीतीश कुमार के लिए चुनौती होगा। बता दें कि 14 अक्तूबर को सिटिंग विधायक टिकट की मांग लेकर सीएम आवास के सामने धरना देने बैठ गए थे। एक जदयू सांसद ने अपने उम्मीदवार को टिकट न मिलने पर इस्तीफे की धमकी देते हुए एक्स पर पोस्ट किया था।
नीतीश कुमार ने लोजपा को दी गईं सीटों में से छह पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं यानी NDA के ही दो दलों के बीच भिडंत की संभावना है। पार्टी ने तीन बाहुबली छवि वाले नेताओं अमरेंद्र सिंह, धूमल सिंह और अनंत सिंह को टिकट दिया है। तीन सीटों पर बड़े नेताओं के बच्चों को टिकट मिले हैं।
चिराग को मिली सीटों पर उम्मीदवार उतारे
जदयू की पहली सूची में गायघाट, हिलसा, राजगीर, सोनबरसा, मांझी व राजापाकर विधानसभा सीटों से उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। ये सीटें पारंपरिक रूप से जदयू की पैठ वाली रही हैं और BJP ने सीट बंटवारे में इन्हें चिराग पासवान की पार्टी को दे दिया था। 14 अक्तूबर को नीतीश के जब महागठबंधन में शामिल होने के चर्चे शुरू हुए तो बीजेपी ने ये सीटें लौटाईं।
तीन बाहुवली को टिकट – पार्टी ने तीन बाहुबली छवि वाले नेताओं अमरेंद्र सिंह, धूमल सिंह और अनंत सिंह को टिकट दिया है।
तीन सीटों से नेताओं के बच्चों को टिकट
जेडीयू ने बड़े नेताओं के बेटी-बेटा को भी टिकट दिया है। मांझी सीट से पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के बेटे रणधीर सिंह, गायघाट सीट से एमएलसी दिनेश सिंह की बेटी कोमल सिंह, कुशेश्वर स्थान ने पार्टी ने अतिरेक कुमार को टिकट दिया, जिनके पिता अशोक कुमार छह बार के कांग्रेस विधायक थे और इस साल अगस्त में जदयू का हाथ थामा।
सिर्फ 4 महिलाओं को मौका
BJP की तरह जेडीयू ने भी अपनी पहली लिस्ट में कम मात्र चार महिलाओं को ही मौका दिया। BJP ने 71 की लिस्ट में 7 महिलाएं उतारी हैं।
इन सीटों पर नए उम्मीदवार उतारे
- कविता साहा – मधेपुरा
- अतिरेक कुमार – कुशेश्वर स्थान
- ईश्वर मंडल – दरभंगा ग्रामीण
- कोमल सिंह – गायघाट
- अजय कुशवाहा – मीनापुर
- आदित्य कुमार – सकरा
- अजीत कुमार – कांटी
- मंजीत सिंह – बरौली
- भीष्म कुशवाहा – जीरादेई
- विकास कुमार – रघुनाथपुर
- बड़हरिया – इंद्रदेव पटेल
- धूमल सिंह एकमा
- रणधीर सिंह-मांझी
- छोटेलाल राय – परसा
- महेंद्र राम – राजापाकर
- मांजरिक मृणाल – वारिसनगर
- रवीना कुशवाहा – विभूतिपुर
- अनंत सिंह – मोकामा
- श्याम रजक – फुलवारी शरीफ
- अरूण मांझी-मसौढी
- राधाचरण साह- संदेश
- भगवान सिंह कुशवाहा, जगदीशपुर
- राहुल सिंह, डुमरांव
- संतोष कुमार निराला – राजपुर
- रूहेल रंजन – इस्लामपुर
- डॉ कुमार पुष्पंजय – बरबीघा
- नचिकेता मंडल – जमालपुर
- ब्बलू मंडल – खगड़िया
- राज कुमार सिंह – मटिहानी
- अभिषेक कुमार – चेरिया बरियारपुर

