नई दिल्ली | लंबे समय से अनुमान लगाया जा रहा था कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। इस बात की पुष्टि जीतन राम माझी के ट्वीट ने कर दी है।
बिहार में NDA सरकार के सहयोगी दल हम(सेक्युलर) के नेता जीतन राम मांझी ने सोमवार को ट्वीट करके स्पष्ट शब्दों में लिखा कि “नीतीश कुमार अगले 24 घंटों में इस्तीफा देंगे। हर बिहारी उन्हें याद करेगा।”
मांझी का ट्वीट
हालांकि मांझी के इस ट्वीट या नीतीश कुमार के इस्तीफे की अटकलों के बीच जदयू ने कोई बयान नहीं दिया है।
उधर विपक्षी राजद ने ट्वीट करके आरोप लगाया कि “भाजपा ने राजनीतिक रूप से नीतीश कुमार को बिहार से भगा दिया।”
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार कल दोपहर तीन बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसी दिन जदयू विधायक दल की बैठक होगी।
भाजपा ने भी मंगलवार को दोपहर दो बजे प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में बीजेपी विधायक दल की बैठक रखी है। जिसके लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पटना आएंगे।
माना जा रहा है कि इन बैठकों से NDA विधायक दल के नेता पर सहमति बनेगी, फिर उसके नाम की घोषणा मंगलवार शाम तक की जाएगी।
उधर, राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा ने सोमवार को लोकभवन में पटना जिला प्रशासन के साथ बैठक की। माना जा रहा है कि बैठक नए मुख्यमंत्री की शपथ ग्रहण के संबंध में की गई है।

