Site icon बोलते पन्ने

UP : नोएडा में 10 कंपनियों के कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन; गाड़ियों में तोड़फोड़-पथराव के बाद PAC तैनात

नोएडा में प्रदर्शन के दौरान एक बस को घेरते प्रदर्शनकारी।

नोएडा में प्रदर्शन के दौरान एक बस को घेरते प्रदर्शनकारी।

नई दिल्ली | यूपी के नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर तीन दिन से जारी कर्मचारियों का प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। नोएडा फेज-2 के होजरी कॉम्पैक्स में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी सड़कों पर उतर आए और पथराव किया।

कई गाड़ियों व पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। आगजनी की भी खबरें हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक- प्रदर्शन के चलते नोएडा से दिल्ली जाने वालेे रोड ब्लॉक हैं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पीएसी तैनात की गई है और पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं।

नोएडा फेज-2 इंडस्ट्रियल एरिया जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, गारमेंट एक्सपोर्ट की करीब दस कंपनियों के हजारों कर्मचारी अपनी सालाना सैलरी में वृद्धि की मांग को लेकर धरने पर हैं। ये कंपनियां मदरसन, ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट, एसएनडी, अनुभव आदि हैं। इनके 1000 से ज्यादा कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे, जो मांग न सुने जाने के चलते हिंसक हो गया।

उधर, डीएम मेधा रुपम ने वीडियो बयान जारी करके कहा है कि –

“सभी औद्योगिक यूनिटों से बात करके कर्मचारियों की मांगों को देखते हुए ओवर टाइम देने, साप्ताहिक अवकाश और आवश्यक बोनस देने के आदेश दिए गए हैं।”

गौतम बुद्ध नगर की डीएम मेधा रुपम व अन्य बड़े प्रशासनिक अफसरों ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। स्थिति अभी भी तनावपूर्ण है।

Exit mobile version