- भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान सरकार के दावों को आधारहीन बताकर खारिज किया।
नई दिल्ली |
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद मंगलवार दोपहर उस वक्त दहल उठी जब जिला अदालत (District Court) के बाहर जोरदार धमाका हुआ। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 से 25 लोग घायल हुए हैं।
धमाका इतना भीषण था कि उसकी आवाज छह किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग चारों ओर भागने लगे।
पाक पीएम के आरोप को भारत ने खारिज किया
हमले को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा ” इस हमले में ‘भारत समर्थित’ चरमपंथी समूह शामिल हैं”। भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के आरोप को बेबुनियाद और निराधार बताया है।
कोर्ट परिसर में भीड़ के बीच धमाका
यह धमाका इस्लामाबाद ज़िला न्यायालय के प्रवेश द्वार के पास दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जब आम तौर पर अदालती काम से आए लोगों की भीड़ रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं और आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए। घटना के बाद आपातकालीन दल और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गए और इलाके की घेराबंदी कर दी। घायलों में ज्यादातर वकील और अदालत कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आत्मघाती हमला के एंगल पर जांच
शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि विस्फोट एक कार में लगे गैस सिलेंडर के फटने से हुआ। हालांकि, सुरक्षा अधिकारियों ने आत्मघाती हमले (Suicide Attack) की संभावना से भी इंकार नहीं किया है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विस्फोट अदालत के मुख्य गेट के पास खड़ी एक सफेद रंग की कार में हुआ। बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह स्पष्ट करने में अभी वक्त लगेगा कि धमाके में विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल हुआ या नहीं।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान में भी धमाका
यह धमाका भारत की राजधानी दिल्ली में लाल किला के पास हुए कार ब्लास्ट के सिर्फ एक दिन बाद हुआ है, जिसमें 9 लोगों की मौत और कई घायल हुए थे। दोनों घटनाओं के समय और प्रकृति को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं, हालांकि दोनों धमाकों के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

