- जनसुराज ने बिहार विधानसभा के लिए चुनाव उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
- पहली सूची के नामों के जरिए PK की वैकल्पिक राजनीति करने के दावे की झलक।
पटना | हमारे संवाददाता
बिहार में खुद को नए विकल्प के तौर पर पेश कर रही जनसुराज पार्टी ने अपने 51 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। खास बात ये है कि अपनी पहली सूची में प्रशांत किशोर की पार्टी ने एक किन्नर को रिजर्व सीट से टिकट दिया है।
एक और सीट से एक आदिवासी उम्मीदवार को टिकट दिया गया है।
इसके अलावा, पहली सूची में टिकट पाने वालों में मछुआरा समाज के समाजसेवी, मुखिया संघ के अध्यक्ष, मुस्लिम समुदाय के ब्लॉक स्तर नेता शामिल हैं। इसके अलावा, पूर्व आईपीएस अफसर, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के वकील को भी टिकट मिला है।
गोपालगंज जिले की भोरे विधानसभा सीट पर प्रीति किन्नर को मौका देकर जनसुराज पार्टी ने वैकल्पिक राजनीति करने के अपने दावे की झलक दी है। अभी भोरे विधानसभा से जदयू के सुनील कुमार विधायक हैं जो सरकार में शिक्षा मंत्री भी हैं।
प्रीति किन्नर को टिकट देने को लेकर किन्नर समाज में खुशी की लहर है। इसके अलावा, वाल्मीकि नगर सीट से जनसुराज ने आदिवासी थारू जनजाति के दीर्घ नारायण प्रसाद को मौका दिया गया है।
एक नजर में पहली लिस्ट-
इस सूची में 17 प्रत्याशी (16 हिंदू+1 मुस्लिम) पिछड़ी जातियों से हैं, जबकि 11 उम्मीदवार OBC (अन्य पिछड़ी जाति) से हैं। 9 उम्मीदवार सामान्य वर्ग से है और 7 उम्मीदवार अल्पसंख्यक समुदायों से है।
उम्मीदवार घोषित करने वाली पहली प्रमुख पार्टी
इस तरह बिहार विधानसभा चुनावों में उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली जनसुराज पहली एक प्रमुख पार्टी बन गई है। अभी तक न तो सत्ताधारी NDA गठबंधन और न ही महागठबंधन के किसी दल ने अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। हालांकि दो सप्ताह पहले मायावती की पार्टी बसपा ने मुंगेर की तीन सीटों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी, हालांकि बसपा में बाकी घोषणाएं होनी बाकी हैं और यह बिहार में इस पार्टी का प्रभाव भी सीमित माना जाता है।
पटना के शेखपुरा हाउस में जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने गुरुवार को कैंडिडेट्स का ऐलान किया। हालांकि इस अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर मौजूद नहीं हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा, हर एक दिन के बाद लिस्ट जारी करते रहेंगे।
इनको मिले टिकट : पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा, हर एक दिन के बाद लिस्ट जारी करते रहेंगे। पार्टी ने नीचे दी गई प्रमुख सीटों से ये चेहरे उतारे हैं-
- गोपालगंज से प्रीति किन्नर – किन्नर समाज की गुरू व समाज सेवी।
- वाल्मीकि नगर से दीर्घ नारायण प्रसाद – थारू जनजाति से आते, पेशे से शिक्षक, VRS लेकर राजनीति ज्वाइन की।
- पूर्णिया के अमौर से अफरोज आलम – मजदूर संघ से जुड़े, फिर कांग्रेस से जनसुराज में आए।
- कटिहार के प्राणपुर से कुणाल निषाद – मछुआ सोसाइटी से जुड़े, पेशे से मछुआरे।
- सुपौल से निर्मली रामप्रवेश कुमार यादव – निर्मली के प्रखंड प्रमुख।
- सुरसंड से ऊषा किरण – सीतामढ़ी ज़िला परिषद की पूर्व अध्यक्ष।
- लोरिया से सुनील कुमार महतो – ढढ़वा पंचायत के मुखिया अध्यक्ष।
- दरभंगा से आरके मिश्रा- पूर्व आईपीएस अधिकारी।
- कुम्हरार से केसी सिन्हा – बिहार के प्रख्यात गणितज्ञ
- मांझी से वाई बी गिरी – पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील।
- करगहर से भोजपुरी सिंगर रितेश पांडेय- भोजपुरी सिनेमा के अभिनेता व गायक
- अस्थावां से पूर्व केंद्रीय मंत्री व नौकरशाह RCP सिंह की बेटी लता सिंह – सुप्रीम कोर्ट की वकील
राघोपुर से PK शुरू करेंगे चुनाव प्रचार, तेजस्वी को चुनौती
जनसुराज ने बताया कि 11 तारीख से प्रशांत किशोर पार्टी का चुनावी अभियान शुरू करेंगे, वे राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से इसका आगाज़ करेंगे। गौरतलब है कि यह तेजस्वी का गढ़ है। यहां से प्रचार करना सीधे तेजस्वी यादव को चुनौती के रूप में देखा जाएगा। दूसरी ओर, माना जा रहा था कि करगहर सीट से प्रशांत लड़ सकते हैं क्योंकि ये उनका जन्मस्थान है पर यहां से उन्होंने भोजपुरी स्टार रितेश पांडे को टिकट दिया है। ऐसे में मीडिया में अब खबरें हैं कि कहीं प्रशांत राघोपुर से तो लड़ने नहीं जा रहे।

