- 1995 में धोखाधड़ी से किराए पर घर लेने का मामला।
- पूर्णिया सांसद को पटना पुलिस ने देर रात गिरफ्तार किया।
- पप्पू यादव बोले- मेरे साथ क्या होगा, मेरी तबीयत ठीक नहीं।
नोट – इस खबर को वीडियो पर देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।
पटना |
बिहार के पूर्णिया जिले से निर्दलीय सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव को 1995 के एक मामले में पटना पुलिस ने शुक्रवार (7 फरवरी) देर रात उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जबकि सांसद पप्पू यादव, पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुए रेप व मर्डर केस में कार्रवाई के लिए राज्य सरकार पर लगातार दवाब बना रहे थे।
हालांकि पटना एसपी सिटी ने बताया है कि एक पुराने केस में हाजिर न होने के चलते पटना की विशेष अदालत के वारंट के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। फिलहाल पप्पू यादव की गिरफ्तारी से बिहार की सियासत में हड़कंप मच गया है।
“मेरे साथ कुछ भी हो सकता है …”
वहीं, पप्पू यादव ने अपनी गिरफ्तारी को लेकर कहा कि “मेरे साथ कुछ भी हो सकता है, मेरी तबीयत ठीक नहीं है।” गौरतलब है कि इससे पहले पप्पू यादव कई बार कह चुके हैं कि नीट छात्रा का मामला उठाने के बाद से उनके ऊपर लगातार दवाब बनाया जा रहा है।
अदालत में पेश होने आए थे पटना
पप्पू यादव गुट की ओर से कहा जा रहा है कि वे संसद सत्र के चलते दिल्ली में थे और शनिवार को अदालत में पेश होने के लिए ही पटना आए थे, उससे पहले ही शुक्रवार की देर रात पुलिस ने उन्हें जबरन गिरफ्तार कर लिया।
नीट केस में धरना भी देने वाले थे
सांसद पप्पू यादव नीट छात्रा को न्याय दिलाने के लिए लगातार आवाज उठा रहे थे, रविवार (8 फरवरी) को इसी मामले में वे पटना में ही धरना देने वाले थे। इससे पहले वे कई बार कह चुके थे सरकार की ओर से दवाब बनाया जा रहा है।
स्ट्रेचर पर ले जाए गए अस्पताल
बता दें कि देर रात पटना में गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को हेल्थ चेकअप के लिए पटना के इंदिरा गांधी आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (IGIMS) लाया गया। इसके बाद वे पुलिस कस्टडी में थे, जहां से उन्हें शनिवार सुबह स्ट्रेचर पर PMCH लाया गया है। जानकारी के मुताबिक, आज उनकी कोर्ट में पेशी भी हो सकती है।
किराये के घर को लेकर हुआ था विवाद
पटना के एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि 1995 में आईपीसी की धोखाधड़ी से संपत्ति हड़पने की साजिश से जुड़ी धारा में एक केस दर्ज हुआ था। पटना के गर्दनीबाग थाने में शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि उनके मकान को धोखे से किराए पर लिया गया। उनके मकान का इस्तेमाल पप्पू यादव का ऑफ़िस चलाने के लिए किया जा रहा है, यह जानकारी मकान किराए पर लेते समय छुपाई गई थी।
गिरफ्तारी पर क्या बोले पटना सिटी एसपी
एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में कोर्ट में ट्रायल चल रहा है, जिसकी सुनवाई के लिए सांसद को उपस्थित होना था लेकिन वे तय तारीख़ पर उपस्थित नहीं हुए। पटना की विशेष अदालत ने कुछ दिन पहले इस मामले में सांसद पप्पू यादव सहित तीन अभियुक्तों के ख़िलाफ़ कुर्की का आदेश दिया था। इस कारण उनकी गिरफ़्तारी की जा रही है।

