- 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्यपथ पर भारत दिखाएगा अपनी सैन्य शक्ति ।
नई दिल्ली |
भारत आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है, नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर इसका आधिकारिक कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर 90 मिनट तक चलेगा। आज ही के दिन 1950 में भारत का संविधान लागू हुआ था।
इस समारोह की अगुवाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी। गणतंत्र दिवस के मौके पर यूरोपीय संघ के दो बड़े नेता मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंतोनियो लुईस सांतोस दा कोस्टा और यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत आ चुके हैं।
कार्यक्रम की थीम- वंदे मातरम के 150 साल
कर्तव्य पथ पर होने वाले कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘वंदे मातरम् के 150 साल’ होगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा और क़रीब 90 मिनट तक चलेगा। परेड की शुरुआत से पहले क़रीब 100 सांस्कृतिक कलाकार ‘विविधता में एकता’ विषय पर प्रस्तुति देंगे।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, परेड में हाल ही में गठित सैन्य इकाइयों के साथ-साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान तैनात प्रमुख हथियार प्रणालियों के मॉडल भी शामिल होंगे।

