नई दिल्ली | अमेरिकी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने दावा किया है कि पाकिस्तान के हस्तक्षेप के बाद इज़राइल ने ईरानी विदेश मंत्री और संसद अध्यक्ष को अपनी ‘हिट लिस्ट’ से हटा लिया है।
अपनी रिपोर्ट में एक पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से AP ने बताया है कि पाकिस्तान ने अमेरिका से आग्रह किया था कि वह इजराइल पर इन्हें निशाना न बनाने के लिए दबाव डाले।
रिपोर्ट के मुताबिक, “पाक ने अमेरिका से कहा कि अगर इन्हेें भी खत्म कर दिया गया तो बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा।”
ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कलीबाफ। यह पद सुप्रीम लीडर के करीब माना जाता है।
बता दें कि जंग शुरू होने के बाद ईरानी नेतृत्व की ओर से विदेश मंत्री अब्बास अराघची व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कलीबाफ के बयान ही मीडिया में ज्यादा आए हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने ईरान व अमेरिका के बीच समझौता कराने के लिए मध्यस्थता का प्रस्ताव दिया है। वहीं, ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ उनकी वार्ता इस पूरे सप्ताह जारी रहेगी। जबकि ईरान ने वार्ता से इनकार किया है।
‘पांच दिनों के लिए हटे हिट लिस्ट से नाम’
उधर, अमेरिका दैनिक ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ से भी 26 मार्च को ही इसी मामले पर एक रिपोर्ट की है।
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से इसमें बताया गया है कि इज़रायल ने अपनी हिट लिस्ट से “ईरान के दो शीर्ष अधिकारियों के नाम चार से पांच दिनों के लिए हटा लिए हैं क्योंकि वे शांति वार्ता के विकल्प पर विचार कर रहे हैं।”
हालांकि उस रिपोर्ट में पाकिस्तान के रोल का जिक्र नहीं था।
इन दोनों मीडिया रिपोर्ट पर अभी तक पाकिस्तान, अमेरिका, इज़रायल या ईरान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

