- बिहार के रोहतास जिले में ऑनलाइन ठगी का गिरोह सक्रिय।
- ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाकर रूपये ऐंठता था, सेमिनार भी करवाए।
- आरोपी को सासाराम पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
सासाराम | अविनाश श्रीवास्तव
कम समय में रूपया दोगुने करने का झांसा देकर ऑनलाइन दो करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह ने बिहार के रोहतास में लोगों से ठगी की है। इसी जिले का रहने वाला मुख्य आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर हरियाणा से यह गिरोह चला रहा था। वह लोगों को भरमाने के लिए ऑनलाइन कमाई बढ़ाने के तरीकों से जुड़े तथाकथित ऑनलाइन सेमिनार भी चलाता था।
रोहतास जिले की पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम में उसके फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सासाराम नगर थाना क्षेत्र के शेरगंज मोहल्ला निवासी कामेश्वर प्रसाद कश्यप के बेटे रौशन कुमार कश्यप (40) के रूप में हुई है।
रौशन कुमार कश्यप फर्जी वेबसाइट बनाकर नेटवर्किंग का जाल फैला रहा था। ठगी के शिकार लोगों का कहना है कि आरोपी रोशन ने उन्हें रूपया निवेश करने पर हर महीने 10% मुनाफे का लालच दिया था। साथ ही उसने शत प्रतिशत वापसी का वादा किया था, लेकिन जब रूपये वापस देने की बारी आई तो आरोपी फरार हो गया और उसके परिवार वाले गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने लगे।
आरोपी रौशन कुमार कश्यप की टीम में उसकी पत्नी अमृता कश्यप, भाई राकेश कुमार कश्यप, भाई की पत्नी खुशबू कश्यप, छोटा भाई राजू कश्यप शामिल थे। इसके अवाला, दिल्ली के एक निवासी दर्शन सोलंकी व गुडगांव निवासी नारायण राय भी शामिल हैं।
ठगी में शामिल लोगों ने सासाराम एवं आसपास के इलाकों में रहने वाले रोशन कुमार गुप्ता, राकेश कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, नीरज कुमार गुप्ता, महेंद्र कुमार सिंह, नलिन पुष्कर, अभिनंदन कुमार, चंदन कुमार, अमित कुमार, राजू रंजन, दीपक कुमार, विशाल कुमार, नंदकिशोर सिंह सहित अन्य लोगों से लगभग 2 करोड़ से अधिक की राशि का ठगी की है। ठगी का मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। रोहतास पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस इस सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी हुई है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ चल रही है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील किया कि वे ऐसी किसी भी अनाधिकृत ऑनलाइन वेबसाइट या लुभावनी स्कीमों के झांसे में न आएं।

