Site icon बोलते पन्ने

रोहतास(बिहार) : गैस एजेंसी के आगे रातभर लाइन में खाली सिलेंडर लिए लगे रहे लोग, आधे से ज्यादा निराश लौटे

खाली सिलेंडर लेकर लोग रात में ही लाइन में लग गए और अगली दोपहर को सिलेंडर बंटने शुरू हुए।

सासाराम | अविनाश कुमार श्रीवास्तव

बिहार में सरकार लगातार कह रही है कि एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है लेकिन जमीन पर हालात गंभीर हैं। रोहतास जिले के शहरी इलाके में एचपी की इकलौती गैस एजेंसी पर दो हजार लोग खाली सिलेंडर लिए रातभर लंबी लाइनों में खड़े रहे।

हंगामे की संभावना देखते हुए अगले दिन सुबह एडीएम मौके पर पहुंचीं और लोगों से कहा कि वे आगे से लाइन में न लगें, सिलेंडर सीधे उनके घर में डिलीवर होगा। 18 मार्च को कई घंटों के इंतजार के बाद लाइन में लगे मात्र 504 लोगों को ही सिलेंडर मिल पाया।

बाकी करीब 1500 लोगों को उदास होकर लौटना पड़ा, करीब 500 किलोमीटर लंबी लाइन में खड़े लोग लगातार बता रहे थे कि गैस खत्म हो जाने से वे परेशान हैं। कइयों ने बताया कि उनके घर में दो टाइम का खाना नहीं बन पा रहा है। सासाराम की एचपी गैस एजेंसी से 23 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं।

नगर थाना क्षेत्र के अटखम्भावा मोहल्ले में स्थित शारदा देवी एचपी डिस्ट्रीब्यूटर के कार्यालय के सामने लोगों की कतारें 17 मार्च की शात सात बजे से लगना शुरू हुईं। लोगों का कहना था कि बीते 14 मार्च को जब सिलेंडरों का ट्रक आया था तो उसके वितरण में काफी धांधली हुई इसलिए हर कोई सबसे पहले पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश में लाइन में जाकर लगा। सिलेंडर लेने की लाइन में लगे लोगों में से ज्यादातर ने इसकी बुकिंग 9 से 11 मार्च के बीच की थी और उन्हें नियमानुसार तीन दिन के भीतर सिलेंडर नहीं मिला था।

 

Exit mobile version