Site icon बोलते पन्ने

रोहतास: लॉ कॉलेज हॉस्टल में छात्रा का शव फंदे पर लटका मिला, मीडिया कर्मियों को गेट पर ही रोका

लॉ कॉलेज से बाहर निकलते एसपी व अन्य पुलिस कर्मी, मीडिया को कॉलेज ने कवरेज के लिए अंदर नहीं घुसने दिया।

सासाराम | अविनाश कुमार श्रीवास्तव

पटना के एक हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का मामला अब तक सुलझा नहीं है और अब रोहतास जिले में एक और ऐसी ही घटना सामने आई है।

रोहतास जिले में लॉ की एक छात्रा की कॉलेज कैंपस में संदेहास्पद स्थिति में 12 मार्च को मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह घटना जिले के डेहरी क्षेत्र के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल हॉस्पिटल एंड हॉस्पिटल में हुई। मरने वाली छात्रा कैमूर जिले की है और उसका शव हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटका मिला।

सूचना मिलते ही रोहतास के एसपी रौशन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

बताया जा रहा है कि छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। हालांकि उसमें क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी पुलिस ने नहीं किया है।

इस घटना की कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को कॉलेज परिसर के अंदर जाने से रोक दिया गया। कॉलेज प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कई घंटों तक पत्रकारों को गेट के बाहर ही रोके रखा और किसी को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी।

अब तक कॉलेज प्रबंधन की ओर से इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

रोहतास एसपी रौशन कुमार ने बताया कि

“छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है, परिजनों का बयान भी लिया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुटी हुई है।”

Exit mobile version