रोहतास | अविनाश श्रीवास्तव
बिहार के रोहतास जिले में शुक्रवार को निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुर प्रखंड के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जनार्दन कुमार दस हजार रुपए रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार हुए हैं, जिन्हें निगरानी अग्रिम कार्रवाई के लिए अपने साथ पटना ले गई।
पैक्स गोदाम के सत्यापन के लिए रिश्वत
बताया जाता है कि प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी राजपुर प्रखंड के पैक्स प्रबंधक प्रशांत कुमार से पैक्स गोदाम के सत्यापन के लिए दस हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे थे।
पैक्स प्रबंधक ने जब इसकी शिकायत निगरानी विभाग को की, तो शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी ने इन्हें जाल बिछाकर घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
घर पर भी ली तलाशी
निगरानी डीएसपी ने बताया, “हमें राजपुर प्रखंड के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जनार्दन कुमार के खिलाफ शिकायत मिली, जो जांच में सही पायी गई। फिर हमने सुनियोजित ढंग से प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि गिरफ्तारी के पश्चात निगरानी ने जनार्दन कुमार के सासाराम स्थित घर की भी तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला।” जिसके बाद इन्हें गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया
