Site icon बोलते पन्ने

रोहतास : प्रचार को पहुंचे RJD विधायक से ग्रामीण नाराज हुए तो समर्थकों ने पीटा

आज डेहरी विधानसभा क्षेत्र के बरांव पंचायत के गांवों में घूमकर लौटते समय हुआ बवाल

आज डेहरी विधानसभा क्षेत्र के बरांव पंचायत के गांवों में घूमकर लौटते समय हुआ बवाल

 

डेहरी (रोहतास) | अविनाश सिन्हा

जो पार्टी बदलाव की राजनीति का दावा कर रही हो, अगर उसके ही सिटिंग विधायक के खिलाफ लोग मुर्दाबाद के नारे लगाने लगें तो ये संकेत है कि बिहार में चाहे कोई पार्टी जीते, जनप्रतिनिधियों का रवैया बदलने में समय लगेगा।

11 अक्तूबर को रोहतास जिले की डेहरी विधानसभा के RJD से जीते विधायक फतेह बहादुर को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा, ग्रामीणों ने पांच साल में कोई काम न होने का आरोप लगाया।

गौरतलब है कि यही आरोप RJD के नेता तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री और NDA सरकार पर लगाते आ रहे हैं।

झगड़े के दौरान स्थानीय युवक के कपड़े पर खून के धब्बे गिर गए जो घटना की गंभीरता का संकेत।

विधायक का विरोध बवाल में उस वक्त बदल गया जब विधायक के बॉडीगार्ड गाड़ी से उतरे और आम लोगों से बहस हुई। बाद में ये हाथापाई में बदल गया और एक स्थानीय युवक घायल हो गया। आरोप है कि विधायक के समर्थकों ने युवक को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की, जिससे बात बिगड़ी।

विधायक फतेह बहादुर ने फेसबुक लाइव करके विरोध करने वालों को BJP समर्थक बताया।

इस मामले पर विधायक फतेह बहादुर ने घटना के तीन घंटे बाद प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने कहा कि ये हरकत भाजपा वालो की थी। विधायक ने कहा कि बीजेपी वाले को पिछड़ा समुदाय का विधायक बर्दाश्त नहीं हो रहा है।

इससे पहले विधायक ने फेसबुक पर इस बात का पोस्ट साझा किया है कि वे ‘दलित, पिछड़ा- अति पिछड़ा जनसंवाद कार्यक्रम’ के लिए बरांव पंचायत के शिवपुर गांव, मझिआंव पंचायत के चिलबिला गांव और दरिहट पंचायत के अर्जुन बिगहा गांव पहुंचे। बता देेें कि ये घटना चिलबिला गांव में हुई।

 

विधायक के समर्थकों ने धक्का-मुक्की की

चिलबिला गांव से जब विधायक का काफिला गुजर रहा था तो ग्रामीणों ने किया जोरदार विरोध शुरू किया। इस पर गाड़िया रुकीं। आरोप है कि  ग्रामीणों से समर्थकों ने धक्का-मुक्की की। स्थानीय लोगों का कहना है कि बॉडीगार्ड ने एक युवक को गाड़ी में बैठा लिया और फिर से सड़क पर फेंका जिससे उसे चोट लगी।

 

पांच साल में कोई काम न होने से नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले पांच वर्षों में विधायक ने उनके गांव के लिए कोई भी काम नहीं किया, इसी कारण उनका विरोध किया गया।

ग्रामीणों ने यह भी याद दिलाया कि विधायक ने देवी-देवताओं पर कई बार विवादास्पद टिप्पणियां की हैं, जिससे उनका विरोध और बढ़ गया।

यह घटना डेहरी विधानसभा के चिलबिला गांव में सामने आई है और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Exit mobile version