सासाराम। अविनाश श्रीवास्तव
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर बिहार के सासाराम में आईबी अफसर मनीष रंजन को याद किया गया। इस आतंकी घटना में जान गंवाने वाले मनीष रंजन को याद करके उनके परिजनों की आंखें एक बार फिर नम हो गईं।
शहर के गौरक्षणी स्थित आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मनीष रंजन के चाचा आलोक कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और मनीष की बहादुरी एवं देश के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
बता दें कि पिछले वर्ष पहलगाम आतंकी हमले में मनीष रंजन समेत 26 लोगों को धर्म के आधार पर आतंकवादियों ने मार डाला था। उनकी पहली बरसी पर परिजनों ने भावुक होते हुए कहा कि मनीष बचपन से ही देश सेवा का जज्बा रखते थे।
चाचा आलोक कुमार ने बताया कि मनीष की कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन उनकी शहादत पर पूरे परिवार और जिले को गर्व है। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने भी शहीद मनीष रंजन को याद किया और उनकी वीरता को सलाम किया।
मनीष रंजन जैसे जांबाज अधिकारियों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा बना रहेगा।
बता दें कि मनीष हैदराबाद में पोस्टेड थे और उनके पिता पश्चिम बंगाल में रहते हैं जबकि चाचा का परिवार सासाराम में बस है।
