रोहतास | अविनाश श्रीवास्तव
बिहार के रोहतास जिले से एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास और मानसिक तनाव के चलते एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। सासाराम के कुसडिहरा गांव में एक 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के बाद एक मंदिर में जाकर अपना गुप्तांग (प्राइवेट पार्ट) काट लिया। फिर उसने अपनी गर्दन काटने की कोशिश की। युवक को गंभीर हालत में यूपी के वाराणसी रेफर किया गया है।
स्थानीय खबरों के मुताबिक, विकास कुमार नामक इस युवक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह मानसिक तनाव में गाँव के ही एक शिव मंदिर पहुँचा और धारदार हथियार से खुद को गंभीर रूप से चोटिल कर लिया। युवक ने न केवल अपना गुप्तांग काटा, बल्कि अपनी गर्दन पर भी वार करने की कोशिश की।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में सासाराम के सदर अस्पताल पहुँचाया। सासाराम के सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने पुष्टि की है कि युवक ने खुद को गंभीर क्षति पहुँचाई है। उन्होंने कहा कि ऐसा कदम उठाने के पीछे गहरे मनोवैज्ञानिक कारण भी हो सकते हैं।
इस मामले में फिलहाल कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पूरे इलाके में इस अजीबोगरीब और दर्दनाक घटना की चर्चा है। विशेषज्ञ इसे गंभीर मानसिक संकट और जागरूकता की कमी का परिणाम मान रहे हैं।
